चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज राजधानी चंडीगढ़ में कैबिनेट की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में प्रदेश के विकास और जनता को राहत देने वाले कई बड़े फैसलों पर मुहर लगने वाली है। कैबिनेट के सामने करीब 26 अहम एजेंडे रखे गए हैं, जिन पर मंत्रियों के बीच गंभीर चर्चा चल रही है। इस बैठक का सबसे मुख्य आकर्षण हरियाणा की नई औद्योगिक नीति को मंजूरी देना है। इसके अलावा, कयास लगाए जा रहे हैं कि देश में तेल की बढ़ती दिक्कतों को देखते हुए सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को लेकर एक बड़ा धमाका कर सकती है।
हरियाणा में अब मुफ्त होगा EV का रजिस्ट्रेशन, रोड टैक्स से भी माफी
बढ़ते प्रदूषण को रोकने और इको-फ्रेंडली गाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार अब बड़ा कदम उठाने जा रही है। परिवहन विभाग ने एक नया प्रस्ताव तैयार किया है, जिसके तहत प्रदेश में खरीदे जाने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों पर रजिस्ट्रेशन फीस और रोड टैक्स पूरी तरह से माफ कर दिया जाएगा। अब तक हरियाणा में ईवी गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन पर सिर्फ 20 फीसदी की छूट मिलती थी। हालांकि, दिल्ली और उत्तर प्रदेश जैसे पड़ोसी राज्यों की तर्ज पर अब इसे 100 फीसदी फ्री करने की तैयारी है। परिवहन मंत्री अनिल विज ने इस प्रस्ताव को अपनी मंजूरी देकर मुख्यमंत्री कार्यालय भेज दिया था, जिस पर आज कैबिनेट की बैठक में अंतिम मुहर लग सकती है।
पड़ोसी राज्यों का फॉर्मूला अपनाएगी सरकार, पर नहीं मिलेगी सब्सिडी
आपको बता दें कि चंडीगढ़ प्रशासन ने करीब 4 साल पहले ही अपनी सख्त ईवी पॉलिसी लागू कर दी थी, जहां टैक्स माफी के साथ गाड़ियों पर सब्सिडी भी दी जा रही थी। इस वजह से हरियाणा के बहुत से लोगों ने फर्जी रेंट डीड और कागजात बनवाकर चंडीगढ़ में अपनी गाड़ियों का फ्री रजिस्ट्रेशन करा लिया था। चंडीगढ़ में गाड़ियों की संख्या बढ़ने के बाद हरियाणा सरकार पर भी टैक्स फ्री करने का बड़ा दबाव था। हालांकि, हरियाणा सरकार के इस नए प्रस्ताव में मुफ्त रजिस्ट्रेशन और रोड टैक्स की सुविधा तो होगी, लेकिन ग्राहकों को नगद सब्सिडी देने का कोई प्रावधान शामिल नहीं किया गया है।
पीएम मोदी के हरियाणा दौरे पर भी हो रहा है मंथन
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस कैबिनेट बैठक में केवल नीतियां ही नहीं बल्कि आगामी राजनीतिक दौरों पर भी रणनीति बन रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जल्द ही हरियाणा का एक बड़ा दौरा होने की संभावना है। कैबिनेट के तमाम मंत्री और खुद मुख्यमंत्री सैनी इस वीआईपी दौरे की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर भी आपस में चर्चा कर रहे हैं। इस बैठक के खत्म होने के बाद सरकार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी बड़े फैसलों की आधिकारिक घोषणा करेगी।

