अनिल मालवीय, सीहोर। मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में सीहोर जिले ने आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर स्थित सीजी क्रॉम्पटन एंड ग्रीव्स पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड की नई पावर ट्रांसफॉर्मर विनिर्माण इकाई के प्रथम ट्रांसफॉर्मर के रोल-आउट का भव्य शुभारंभ किया। लगभग 50 एकड़ में फैली यह अत्याधुनिक फैक्ट्री एक ही स्थान पर स्थित भारत की सबसे बड़ी पावर ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाइयों में से एक बनकर उभरी है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश अब केवल निवेश प्रस्तावों तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर बड़े उद्योगों की स्थापना कर युवाओं को रोजगार से जोड़ रहा है। उन्होंने बताया कि महज 13 से 14 महीने के रिकॉर्ड समय में इस संयंत्र का निर्माण पूरा कर उत्पादन शुरू किया गया है, जो राज्य की तीव्र औद्योगिक प्रगति का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीहोर में निर्मित यह संयंत्र न केवल मध्य प्रदेश बल्कि देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगा। इस इकाई में 220 केवी से लेकर 1200 केवी तक के अति-उच्च क्षमता वाले पावर ट्रांसफॉर्मर तैयार किए जाएंगे। संयंत्र की उत्पादन क्षमता प्रतिमाह 35 पावर ट्रांसफॉर्मर तैयार करने की होगी। यहाँ बनने वाले ट्रांसफॉर्मर देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ वैश्विक बाजारों में भी निर्यात किए जाएंगे।
रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
सीएम डॉ. यादव ने बताया कि इस मेगा प्रोजेक्ट के शुरू होने से क्षेत्र के 2000 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे लॉजिस्टिक्स, सप्लाई, मेंटेनेंस और स्थानीय छोटे व्यवसायों को भी काफी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय सहित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और सीजी पावर के उच्च अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



