हिंदी दिवस के अवसर पर सुप्रीम कोर्ट ने आम नागरिकों तक अपने महत्वपूर्ण फैसलों और आदेशों की जानकारी आसान भाषा में पहुंचाने की दिशा में अहम पहल की है। शीर्ष अदालत जल्द ही हिंदी में जन सूचना सेवा शुरू करने जा रही है। इसके तहत महत्वपूर्ण न्यायिक फैसलों और आदेशों का सरल हिंदी में सार उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आम लोग जटिल कानूनी भाषा को आसानी से समझ सकें।
आसान भाषा में समझ आएगा सुप्रीम कोर्ट का फैसला
इस पहल का सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिलेगा, जिन्हें अंग्रेजी में लिखे लंबे और तकनीकी न्यायिक फैसलों को समझने में परेशानी होती है। हिंदी में उपलब्ध कराए जाने वाले सार के जरिए नागरिक किसी फैसले का मुख्य अर्थ, उसका प्रभाव और उससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को सरल भाषा में समझ सकेंगे।
खास तौर पर वादकारियों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी होगी। किसी मामले में सुप्रीम कोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला आने के बाद उन्हें उसकी जानकारी हासिल करने के लिए केवल लंबे अंग्रेजी फैसले पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
रोजाना 15 से 30 मिनट का हिंदी ऑडियो-वीडियो बुलेटिन
सुप्रीम कोर्ट की इस जन सूचना सेवा के तहत प्रतिदिन करीब 15 से 30 मिनट के हिंदी ऑडियो और वीडियो बुलेटिन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें महत्वपूर्ण फैसलों और आदेशों की जानकारी आसान भाषा में दी जाएगी। साथ ही संबंधित आधिकारिक न्यायिक फैसले का लिंक भी उपलब्ध रहेगा।
मूल फैसला ही रहेगा अंतिम और प्रामाणिक दस्तावेज
इस पहल से बुजुर्गों, दिव्यांगों और उन लोगों को भी लाभ मिलेगा, जिन्हें लंबे कानूनी दस्तावेज पढ़ने में कठिनाई होती है। हालांकि, हिंदी में उपलब्ध कराया गया सार मूल न्यायिक फैसले का विकल्प नहीं होगा। कानूनी अधिकार, दायित्व और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित आधिकारिक फैसला ही अंतिम और प्रामाणिक दस्तावेज रहेगा।
सुप्रीम कोर्ट की इस पहल का उद्देश्य न्यायिक फैसलों को आम जनता के लिए अधिक सुलभ, समझने योग्य और पारदर्शी बनाना है। आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी होने के बाद यह सेवा जल्द शुरू की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



