कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: हरियाणा सरकार गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए ‘नायब उड़ान’ योजना शुरू करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत राज्य में एयर एम्बुलेंस नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को कम समय में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

योजना के तहत प्रदेश के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों को एयर एम्बुलेंस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। हेलिपैड और हेलीकॉप्टर इमरजेंसी मेडिकल सर्विस (HEMS) के माध्यम से गंभीर मरीजों को ‘गोल्डन आवर’ के भीतर विशेषज्ञ अस्पतालों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे इलाज में होने वाली देरी को कम किया जा सके।

सरकार का कहना है कि यह सेवा विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, गंभीर रूप से बीमार लोगों और अंग प्रत्यारोपण (ऑर्गन ट्रांसप्लांट) जैसे मामलों में जीवन रक्षक साबित होगी। समय पर इलाज मिलने से मरीजों की जान बचाने की संभावना भी बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शुरू की जा रही इस पहल का उद्देश्य हरियाणा की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाना और जरूरतमंद मरीजों तक तेज व प्रभावी चिकित्सा सहायता पहुंचाना है। सरकार का दावा है कि ‘नायब उड़ान’ प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी और गंभीर मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m