कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। नगर निगम की एक ऐसी लापरवाही सामने आई है जिसने हजारों लोगों की जान जोखिम में डाल दी है। शहर के वार्ड नंबर 10 में लोग जिस पानी को पी रहे थे, असल में वो ‘जहरीला’ हो चुका था। घासमंडी इलाके की पानी की टंकी में एक मरा हुआ सांप मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पिछले कई दिनों से करीब 19 हजार की आबादी इसी दूषित पानी का इस्तेमाल कर रही थी।
निगम ने लंबे समय से इस टंकी की सुध नहीं ली
दरअसल यह वीडियो ग्वालियर के मिर्जापुर मस्जिद इलाके का है, जहाँ एक युवक लकड़ी के सहारे पानी की टंकी के अंदर से एक मरा हुआ सांप बाहर निकाल रहा है। इस मंजर को देखकर इलाके के लोगों की रूह कांप गई। दहशत इस बात की है कि इसी टंकी से सप्लाई होने वाला पानी पिछले कई दिनों से हजारों घरों के किचन और बच्चों के गले तक पहुंच रहा था। लोगों का आरोप है कि नगर निगम ने लंबे समय से इस टंकी की सुध नहीं ली। सफाई के अभाव में टंकी के भीतर गंदगी का अंबार जमा हो गया और अब उसमें मरे हुए जीव निकले।
संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा
क्षेत्र में अब संक्रामक बीमारी और महामारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है। घटना के बाद से लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार निगम प्रशासन से सफाई की गुहार लगाई, लेकिन अफसरों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। निगम की अनदेखी के कारण हजारों लोग दूषित पानी पीने को मजबूर रहे। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद निगम के आला अधिकारी कैमरे के सामने आने से बच रहे हैं। फिलहाल, क्षेत्रवासियों ने प्रशासन को अल्टीमेटम दे दिया है कि अगर जल्द ही टंकी की सफाई और पानी की जांच नहीं हुई, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

