महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नकली होलोग्राम और छत्तीसगढ़ स्टेट के फर्जी लेबल लगाकर शराब की तस्करी और बिक्री करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। कार्रवाई में कुल 3229 लीटर से अधिक अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 22.15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, शराब तस्करी का यह नेटवर्क महासमुंद, सारंगढ़, रायगढ़ और जांजगीर जिले के अलग-अलग इलाकों में फैला हुआ था। मामले में पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि जांच के दौरान दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है।


डस्टर कार और कंटेनर से मिली भारी मात्रा में शराब
पुलिस की कार्रवाई के दौरान डस्टर कार क्रमांक CG 04 PS 3481 से 25 पेटियों में भरी 1192 पौव्वा गोवा अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसकी कुल मात्रा 214 लीटर 560 मिलीलीटर और कीमत करीब 1,43,040 रुपये बताई गई है। वहीं, एक कंटेनर ट्रक क्रमांक HR-13-X-3220 की तलाशी लेने पर उसमें 345 पेटी गोवा अंग्रेजी शराब मिली। प्रत्येक पेटी में 48-48 पौव्वे थे। कुल मात्रा 2980 लीटर 800 मिलीलीटर और कीमत करीब 19,87,200 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा आरोपी अमित पटेल के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 46 बोतल अंग्रेजी शराब भी बरामद की गई, जिनमें कुल 34 लीटर 500 मिलीलीटर शराब थी। इस तरह पुलिस ने कुल 3229 लीटर 860 मिलीलीटर शराब जब्त की, जिसकी कीमत 22,15,120 रुपये बताई गई है।
नकली होलोग्राम और लेबल का खुलासा
जांच के दौरान शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल को लेकर संदेह हुआ। आबकारी विभाग की जांच में इनके नकली होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मामले में फर्जीवाड़े और संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस की जांच में नकली होलोग्राम, लेबल, बोतल और शराब की सप्लाई से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी सामने आई। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े आरोपी धीरज आहूजा को हरियाणा से गिरफ्तार किया है।
थोक खरीदार से लेकर सप्लायर तक गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अजित पटेल और अमित पटेल कंटेनर से आने वाली अवैध शराब के थोक खरीदार बताए गए हैं। राजेश पटेल पर स्थानीय स्तर पर थोक बिक्री करने का आरोप है, जबकि विनय सिंह ठाकुर रायगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के नेटवर्क से जुड़ा बताया गया है। वहीं, धीरज आहूजा पर नकली होलोग्राम, लेबल, बोतल और शराब के कंटेनर उपलब्ध कराने से जुड़े होने का आरोप है। पुलिस को जांच के दौरान इस नेटवर्क के दूसरे राज्यों तक फैले होने के भी साक्ष्य मिले हैं।
50 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त
पुलिस ने शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल वाहनों और मोबाइल फोन को भी जब्त किया है।
3229.860 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब – ₹22,15,120
डस्टर कार – करीब ₹3 लाख
कंटेनर ट्रक – करीब ₹10 लाख
क्रेटा कार – करीब ₹15 लाख
3 मोबाइल फोन – करीब ₹15 हजार
कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 50,30,120 रुपये है।
सात आरोपियों तक पहुंची जांच
मामले में पुलिस ने पहले राजेश पटेल, अजित पटेल, अमित पटेल, विनय सिंह ठाकुर और धीरज आहूजा को गिरफ्तार किया। इसके बाद 25 सितंबर 2026 को आयुस महापात्र और स्वरूप सिंह सलूजा को भी गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल कहां तैयार किए जाते थे, शराब का वास्तविक स्रोत क्या था और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था।
इन धाराओं में दर्ज है मामला
सरायपाली थाने में अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट तथा धारा 111(2), 338, 336(3), 340(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में अवैध शराब के स्रोत, परिवहन, बिक्री और नकली होलोग्राम तैयार करने वाले नेटवर्क की जांच जारी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


