इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नाहल्दा ग्राम पंचायत के सचिव कृष्ण देव पटेल को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा है। आरोप है कि सचिव ने एक निजी स्कूल का प्रॉपर्टी टैक्स कम करने के एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम नाहल्दा निवासी लक्ष्मण सिंह चौहान खंडवा जिले के  संचालित एक निजी स्कूल के संस्थापक हैं। स्कूल का संचालन उनके पुत्र द्वारा किया जाता है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ग्राम पंचायत सचिव कृष्ण देव पटेल ने स्कूल के प्रॉपर्टी टैक्स को कम करने के बदले 50 हजार रुपए की मांग की थी। सचिव ने स्कूल का बकाया प्रॉपर्टी टैक्स करीब 2 लाख 20 हजार रुपए बताया था। इससे परेशान होकर लक्ष्मण सिंह चौहान ने 5 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय इंदौर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने 9 अक्टूबर आज ट्रैप की योजना बनाई।

कार्रवाई के दौरान मेडिकल चौराहे के पास एक चाय की दुकान के सामने सचिव कृष्ण देव पटेल को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया गया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई लोकायुक्त इंदौर की टीम ने निरीक्षक प्रतिभा तोमर सहित अन्य सदस्यों के साथ की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m