अमित पांडेय, सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। यहां स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान एक गर्भवती महिला के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है, जिसके चलते उन्होंने मझौली मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया है।

डॉक्टरों पर लापरवाही का गंभीर आरोप

जानकारी के अनुसार, मझौली स्वास्थ्य केंद्र में एक गर्भवती महिला को प्रसव के लिए लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की भारी लापरवाही के कारण प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और न्याय की मांग करते हुए सड़क पर बैठ गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया।

मौके पर पहुंचे अधिकारी 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मझौली थाना प्रभारी और तहसीलदार दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा आक्रोशित परिजनों को शांत कराने और उनकी मांग सुनने का प्रयास किया जा रहा है। परिजन लापरवाह डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m