शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में आज प्रशासनिक और विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण दिन है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंत्रालय में दो बड़ी समीक्षा बैठकें करने जा रहे हैं। दूसरी ओर केंद्रीय कैबिनेट से मध्य प्रदेश के विकास के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी आई है। वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी PCC चीफ अध्यभ जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी मालवा अंचल के दौरे पर रहेंगे। आइए जानते हैं आज सुबह की बड़ी खबरें:

सीएम डॉ. मोहन यादव मेट्रो और उच्च शिक्षा विभाग की करेंगे समीक्षा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज राजधानी भोपाल के मंत्रालय में एक्टिव मूड में नजर आएंगे। वे राज्य के दो महत्वपूर्ण विभागों के कामकाज और प्रगति की समीक्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री मोहन यादव सुबह 11 बजे सबसे पहले भोपाल मेट्रो परियोजना की प्रगति की समीक्षा बैठक लेंगे। इसमें मेट्रो के काम की रफ्तार, बचे हुए रूट्स और ट्रायल रन से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी।

इसके ठीक बाद दोपहर 12 बजे सीएम उच्च शिक्षा विभाग की बैठक लेंगे। इसमें नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों, कॉलेजों की व्यवस्थाओं और नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन को लेकर बड़े निर्देश दिए जा सकते हैं।

4,416.50 करोड़ रूपए से बदलेगी 4 जिलों की किस्मत

मध्य प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए केंद्रीय कैबिनेट ने दो बेहद महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इस मेगा प्रोजेक्ट से विशेष रूप से बैतूल, खंडवा, खरगोन और बड़वानी जिलों की सूरत बदलने वाली है।

प्रोजेक्ट की बड़ी बातें और फायदे:

इस पूरे नेशनल हाईवे Corridor (NH-347B) के लिए 4,416.50 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। देशगांव से जुलवानिया सेक्शन को पूरी तरह से 4-लेन में तब्दील किया जाएगा। इस परियोजना के तहत खरगोन शहर को 16.20 किलोमीटर का नया ग्रीनफील्ड बाईपास मिलेगा, जिससे शहर को ट्रैफिक से मुक्ति मिलेगी।

इकोनॉमिक कॉरिडोर प्रोजेक्ट इंदौर और नागपुर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ 6 बड़े इकोनॉमिक नोड्स जैसे फूड पार्क और टेक्सटाइल क्लस्टर को सीधे जोड़ेगा। इस बड़े प्रोजेक्ट के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

सीएम ने केंद्रीय कैबिनेट का जताया आभार

इस बड़ी सौगात पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुशी जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार माना है। सीएम ने कहा कि ये परियोजनाएं इन चारों जिलों के विकास में ‘मील का पत्थर’ साबित होंगी और राज्य में एक मजबूत इकोनॉमिक कॉरिडोर तैयार करने में मदद करेंगी।

जीतू पटवारी और हरीश चौधरी रतलाम-उज्जैन दौरे पर, पदाधिकारियों को देंगे जीत का ‘मंत्र’

मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी आज से बड़े एक्शन मोड में नजर आएंगे। कांग्रेस के दिग्गज नेता आज मालवा अंचल के रतलाम और उज्जैन जिलों के दौरे पर रहेंगे, जहां वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बड़े प्रशिक्षण शिविरों में शामिल होकर उन्हें आगामी रणनीतियों की ट्रेनिंग देंगे।

दोपहर में रतलाम में सजेगा प्रशिक्षण शिविर

जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी आज सबसे पहले रतलाम पहुंचेंगे। यहाँ कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों और स्थानीय नेताओं के लिए एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है।

मिलेगी संगठन की ट्रेनिंग

इस शिविर में पीसीसी चीफ और प्रदेश प्रभारी खुद मौजूद रहकर पदाधिकारियों को संगठन विस्तार, बूथ मैनेजमेंट और जनता के बीच सरकार की विफलताओं को ले जाने की बारीकियों की ट्रेनिंग देंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m