दीपक भारद्वाज, पलवल। हरियाणा के पलवल जिले में एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 260 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को होडल थाना क्षेत्र में दबिश देकर पकड़ा। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर जिले में लगातार नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल पलवल प्रभारी निरीक्षक विश्व गौरव की टीम को यह सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमंत पुत्र दीपचंद निवासी डाडका, थाना होडल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम एंटी नारकोटिक सेल की टीम गांव सोंध के अड्डे पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हेमंत नाम का युवक राज ईंट भट्टा सोंध-डाडका रोड के पास गांजा बेचने के लिए खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी की सहमति पर राजपत्रित अधिकारी नीरज, ईटीओ एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में तलाशी ली गई तो आरोपी के पास से काली पॉलिथीन में रखा 260 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने गांजा को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ होडल थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि गांजा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।

एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी विश्व गौरव ने कहा कि जिले में नशा तस्करी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा गतिविधियों की सूचना MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।