हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में बुधवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के शहीद सुभाष बारला रोड स्थित बाबा पथ में एनआईए की टीम दो वाहनों से पहुंची और उदय साव तथा प्रदीप साव के घर में तलाशी अभियान शुरू किया। टीम के घर में दाखिल होते ही मुख्य गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद अंदर सघन जांच-पड़ताल शुरू की गई।

जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम बुधवार सुबह करीब 8 बजे मौके पर पहुंची थी। इसके बाद से टीम के सदस्य घर के अलग-अलग हिस्सों की तलाशी ले रहे हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हलचल मच गई है।

किस मामले में हुई छापेमारी, अभी खुलासा नहीं

फिलहाल एनआईए की इस कार्रवाई के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। उदय साव और प्रदीप साव के घर पर किस मामले को लेकर छापेमारी की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। तलाशी के दौरान टीम को क्या मिला है, इस बारे में भी कोई पुष्टि नहीं हुई है।

एनआईए की कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, जांच एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान आने के बाद ही छापेमारी के कारणों और पूरे मामले की वास्तविक जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।