पाकिस्तान के खिलाफ कई बड़े हमलों की जिम्मेदारी लेने वाले बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) में बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ है। संगठन ने अपने कमांडर-इन-चीफ बशीर जेब को पद से हटा दिया है। BLA के प्रवक्ता जियान्द बलोच ने इसकी पुष्टि की है। उनके मुताबिक, अब संगठन के सभी प्रशासनिक, सैन्य और नीतिगत फैसलों की जिम्मेदारी सीनियर कमांड काउंसिल संभालेगी। नए कमांडर की नियुक्ति होने तक परिषद ही संगठन का संचालन करेगी।

16 अक्टूबर को लिया गया था बशीर जेब को हटाने का फैसला

बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, BLA ने 3 नवंबर को प्रेस रिलीज जारी कर नेतृत्व में बदलाव की जानकारी दी। हालांकि, बशीर जेब को हटाने का फैसला 16 अक्टूबर को हुई संगठन की शीर्ष समितियों की बैठक में लिया गया था। बैठक में मौजूद कमांडरों ने सर्वसम्मति से इस फैसले को मंजूरी दी थी।

संगठन ने इस बदलाव को अपने संवैधानिक नियमों के तहत शांतिपूर्ण नेतृत्व परिवर्तन बताया है। BLA का दावा है कि इस फैसले के बाद संगठन में न तो कोई बंटवारा हुआ है और न ही कमांडरों के बीच किसी तरह का टकराव हुआ है।

बशीर जेब को हटाने की वजह क्या है?

BLA ने बशीर जेब को पद से हटाने की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है। संगठन ने केवल 2018 में बनाए गए अपने संवैधानिक नियमों का हवाला दिया है। इन नियमों के मुताबिक, कोई भी कमांडर जीवनभर संगठन के शीर्ष पद पर नहीं रह सकता।

हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना के खिलाफ कुछ सैन्य अभियानों की नाकामी और महिला आत्मघाती हमलावरों के इस्तेमाल को लेकर संगठन के भीतर असंतोष बढ़ रहा था। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

कहां हैं बशीर जेब? ठिकाने को लेकर सस्पेंस

बशीर जेब के पद से हटने के बाद उनके मौजूदा ठिकाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वे संगठन से अलग हो चुके हैं, हिरासत में हैं या किसी अन्य स्थान पर मौजूद हैं। उनके घायल होने या इलाज कराने संबंधी खबरों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बशीर जेब के नेतृत्व में BLA ने पाकिस्तानी सेना, सुरक्षा बलों, सरकारी प्रतिष्ठानों और चीन के हितों को निशाना बनाकर कई हमलों को अंजाम दिया था। ऐसे में संगठन के शीर्ष नेतृत्व में हुआ यह बदलाव पाकिस्तान और बलूचिस्तान की सुरक्षा स्थिति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m