सुशीला देवी गुडगांव। गुरुग्राम पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए 226 लोगों को काबू किया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से पार्कों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों में हड़कंप मच गया।
डीसीपी के निर्देश पर चला विशेष अभियान
पुलिस उपायुक्त पश्चिम गुरुग्राम करण गोयल के निर्देशन में 27 मई 2026 को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने पार्क, पार्किंग स्थल, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रखते हुए खुलेआम शराब पी रहे 226 लोगों को पकड़ लिया।
हुड़दंगबाजों को पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 172(2) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और हुड़दंगबाजी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान जारी रहेंगे। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि सार्वजनिक स्थलों को नशाखोरी का अड्डा न बनने दें और जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज निभाएं।

