हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में वॉटर हार्वेस्टिंग के लिए ड्रिलिंग के दौरान हुए गैस पाइपलाइन ब्लास्ट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे में घायल युवक की शिकायत पर ठेकेदार और बोरिंग मशीन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन-जिन लोगों की लापरवाही सामने आएगी, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
23 जून 2026 को सुमन नगर कॉलोनी में वॉटर हार्वेस्टिंग पिट बनाने के लिए बोरिंग मशीन से ड्रिलिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान ड्रिल मशीन अवंतिका गैस की भूमिगत पाइपलाइन से टकरा गई, जिससे जोरदार ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। हादसे में 21 वर्षीय श्याम बोराड़े गंभीर रूप से घायल हो गया था।
घायल की शिकायत पर विजय नगर थाना पुलिस ने जांच के बाद ठेकेदार राजेश चाचरा और बोरिंग मशीन क्रमांक KA-01-MU-5500 के चालक सैल्ला मूथ्थू के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक विवेचना जारी है और जांच के दौरान जिस भी व्यक्ति या संस्था की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

