दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी तेज कर दी है। मामले की हर कड़ी को जोड़ने के लिए पुलिस ने पार्क और आसपास के रास्तों पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। वहीं, पीड़िता के नाबालिग मित्र समेत करीब 60 लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, अमर कॉलोनी थाना पुलिस अगले सप्ताह साकेत कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर सकती है। पुलिस ने करीब 1,500 पन्नों के दस्तावेजों की जांच और स्क्रूटनी पूरी कर ली है। इनमें से लगभग 900 से 1,000 पन्नों को चार्जशीट के लिए अंतिम रूप दिया गया है। इसके अलावा करीब 50 महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अदालत में पेश किए जाएंगे।

पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज को अहम सबूत बनाया है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की गतिविधियों को जोड़ते हुए घटनाक्रम की कड़ियां तैयार की हैं। जांच से जुड़े इन तथ्यों को अब चार्जशीट का हिस्सा बनाया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के जरिए तीनों आरोपियों के पार्क पहुंचने, उनमें से एक आरोपी के बाइक से आने और वारदात के बाद उनके अपने घर लौटने तक की गतिविधियों का पता लगाया गया है। पुलिस ने पार्क और आसपास के रास्तों पर लगे 300 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगालकर घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण सैंपल एकत्र किए थे। इसके अलावा आरोपियों के कपड़ों को भी जांच से जुड़े साक्ष्यों में शामिल किया गया है।

फरीदाबाद निवासी किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है। जांच के दौरान सामने आया है कि तीनों आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन से चैट हिस्ट्री डिलीट कर दी थी। पुलिस अब फोरेंसिक जांच के जरिए डिजिटल सबूतों को दोबारा हासिल करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने मामले में हेमंत, मुकेश और आसिफ को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। फिलहाल तीनों न्यायिक हिरासत में हैं। वहीं, मामले की पैरवी के लिए विशेष लोक अभियोजक की नियुक्ति भी की गई है।

जन्मदिन पर मंदिर दर्शन करने आई थी किशोरी

जानकारी के मुताबिक, 22 सितंबर को फरीदाबाद निवासी किशोरी अपने जन्मदिन के अवसर पर कालकाजी मंदिर में दर्शन करने आई थी। उसके साथ उसका नाबालिग मित्र भी मौजूद था। मंदिर में दर्शन करने के बाद दोनों आस्था कुंज पार्क के रास्ते इस्कॉन मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों चिप्स खाने के लिए पार्क में रुके। आरोप है कि तभी तीन आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और चाकू व पिस्टल दिखाकर धमकाया। इसके बाद किशोरी को अलग-अलग सुनसान स्थानों पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m