० गुप्त सूचना पर घर में छापेमारी, एक आरोपी गिरफ्तार; तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज

चतरा। झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अफीम और डोडा बरामद किया है। कुंदा थाना क्षेत्र के तेगम गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके अन्य सहयोगियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि सूचना मिली थी कि तेगम गांव निवासी जलेश कुमार (22) अपने घर में अवैध रूप से अफीम और डोडा का भंडारण कर उसकी तस्करी कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी में पुलिस ने ये सामग्री बरामद की

० 7.540 किलोग्राम अफीम
० 293.900 किलोग्राम डोडा
० एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू
० एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन

तलाशी के दौरान आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया और जब्त सामग्री को कानूनी प्रक्रिया के तहत कब्जे में लिया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
पुलिस ने इस मामले में कुंदा थाना कांड संख्या 52/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 15, 18, 27 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में मादक पदार्थों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।