० सुपरफास्ट, वंदे भारत, अमृत भारत और मेमू सेवाओं की योजना; रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद मिलेगा अंतिम रूप
रांची। यात्रियों की बढ़ती मांग और औद्योगिक जरूरतों को देखते हुए रांची रेल मंडल ने रेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंडल ने करीब 25 नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें लंबी दूरी की सुपरफास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ वंदे भारत, अमृत भारत और क्षेत्रीय मेमू सेवाएं भी शामिल हैं। हालांकि इन प्रस्तावों को लागू करने के लिए रेलवे बोर्ड और दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय की मंजूरी आवश्यक होगी।
देश के प्रमुख शहरों से सीधे जुड़ने की तैयारी
रांची रेल मंडल का मानना है कि राजधानी से दक्षिण, पश्चिम और उत्तर भारत के कई बड़े शहरों के लिए अभी भी सीधी रेल सेवाओं की कमी है। इसी को देखते हुए पुणे, हैदराबाद, चेन्नई, अहमदाबाद, जयपुर, भोपाल, इंदौर, नागपुर और सूरत के लिए नई ट्रेनों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। वहीं अयोध्या, प्रयागराज, लखनऊ और वाराणसी जैसे धार्मिक एवं शैक्षणिक शहरों के लिए भी नई सेवाओं पर विचार किया जा रहा है।
वंदे भारत नेटवर्क का होगा विस्तार
रांची-वाराणसी वंदे भारत को यात्रियों से मिले बेहतर प्रतिसाद के बाद अब रांची-भुवनेश्वर, रांची-पटना और रांची-टाटानगर के बीच भी वंदे भारत ट्रेन चलाने की योजना बनाई जा रही है। इससे कम समय में बेहतर यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय यात्रियों को भी मिलेगी राहत
सिर्फ लंबी दूरी की ट्रेनें ही नहीं, बल्कि रांची मंडल के स्थानीय रेल नेटवर्क को भी मजबूत करने की तैयारी है। इसके तहत रांची-लोहरदगा, रांची-टोरी, हटिया-बरकाकाना, रांची-बोकारो-धनबाद और रांची-मुरी रूट पर नई मेमू सेवाएं शुरू करने या उनकी संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है। इससे रोजाना नौकरी, शिक्षा और कारोबार के लिए सफर करने वाले हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा।
रेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी तेजी से काम
नई ट्रेनों के संचालन के लिए रेलवे समानांतर रूप से रेल अधोसंरचना का भी विस्तार कर रहा है। रांची-हटिया तीसरी और चौथी लाइन, स्टेशन पुनर्विकास और क्षमता वृद्धि परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। रेलवे का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद नई ट्रेनों के संचालन में आसानी होगी।
रेल बजट से मिलेगी रफ्तार
रेल बजट 2026-27 में झारखंड के लिए 7,536 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। रेलवे का कहना है कि राज्य में कई बड़ी परियोजनाओं पर काम जारी है, जिनका सीधा लाभ भविष्य में नई ट्रेन सेवाओं के रूप में यात्रियों को मिलेगा।
इन नई ट्रेनों पर चल रहा विचार
रांची–पुणे सुपरफास्ट
रांची–हैदराबाद एक्सप्रेस
रांची–चेन्नई एक्सप्रेस
रांची–कोयंबटूर/एर्नाकुलम एक्सप्रेस
रांची–जयपुर एक्सप्रेस
रांची–अयोध्या–लखनऊ एक्सप्रेस
रांची–वाराणसी इंटरसिटी
रांची–प्रयागराज एक्सप्रेस
रांची–गुवाहाटी एक्सप्रेस
रांची–भुवनेश्वर वंदे भारत
रांची–पटना वंदे भारत (दूसरी सेवा)
रांची–टाटानगर वंदे भारत
रांची–बोकारो–धनबाद मेमू
रांची–लोहरदगा मेमू
रांची–टोरी मेमू
हटिया–बरकाकाना मेमू
रांची–दुमका एक्सप्रेस
रांची–देवघर एक्सप्रेस
रांची–राउरकेला इंटरसिटी
रांची–बिलासपुर एक्सप्रेस
रांची–नागपुर एक्सप्रेस
रांची–इंदौर एक्सप्रेस
रांची–भोपाल एक्सप्रेस
रांची–सूरत एक्सप्रेस
रांची–मुंबई दूसरी दैनिक सुपरफास्ट


