कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में सवर्ण समाज ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक बड़ा और व्यापक आंदोलन शुरू कर दिया है। सामाजिक न्याय संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित इस आंदोलन को ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और कायस्थ समाज सहित कई प्रमुख सवर्ण संगठनों का समर्थन मिला है। आंदोलन के चलते ग्वालियर बंद का आह्वान किया गया है और बाजार बंद रखने के लिए सभी वर्गों से सहयोग की अपील की गई है।
लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पर विशाल धरना प्रदर्शन
शहर के ऐतिहासिक लक्ष्मीबाई समाधि स्थल पर सुबह से ही विशाल धरना प्रदर्शन शुरू हो गया है। प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है। प्रशासन ने प्रदर्शन के लिए शाम 5 बजे तक की अनुमति दी है, जिसके बाद ज्ञापन सौंपकर आंदोलन समाप्त किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों द्वारा उठाई गई मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:
यूजीसी (UGC) के फैसले को वापस (रोल बैक) किया जाए।
आरक्षण की व्यवस्था पूरी तरह आर्थिक आधार पर लागू हो।
एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट में संशोधन किया जाए।
सवर्ण आयोग का गठन किया जाए।
सभी के लिए समान शिक्षा का अधिकार लागू हो।
संतोष भदौरिया, अध्यक्ष, करणी सेना ने कहा- “सवर्ण समाज के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। सरकार को हमारी इन न्यायसंगत मांगों पर जल्द विचार करना चाहिए।”
प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट
आंदोलन और ग्वालियर बंद के आह्वान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शांतिपूर्ण प्रदर्शन की शर्त पर अनुमति दी गई है, लेकिन कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही साइबर सेल की टीम सोशल मीडिया पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की भड़काऊ पोस्ट या अफवाहों को रोका जा सके।
सुजावल जग्गा, एएसपी ने कहा- स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया गतिविधियों की विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। अतुल सिंह, एसडीएम ने कहा- प्रशासन की ओर से निर्धारित समय तक शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन की अनुमति दी गई है। शाम को ज्ञापन सौंपने के बाद यह आंदोलन समाप्त कराया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



