० पीएम मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किए दोनों पुनर्विकसित स्टेशन, 1,149 करोड़ से 34 रेलवे स्टेशनों का होगा कायाकल्प; रेल बजट में 11 गुना बढ़ोतरी का दावा
चंडीगढ़। हरियाणा के रेलवे नेटवर्क को आधुनिक बनाने की दिशा में शनिवार को बड़ा कदम उठाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित कालका और नरवाना रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि प्रदेश में रेलवे का तेजी से कायाकल्प हो रहा है और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कालका रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हरियाणा के 34 रेलवे स्टेशनों का 1,149 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है। इनमें मंडी डबवाली, होडल और जींद रेलवे स्टेशन पहले ही आधुनिक स्वरूप में तैयार हो चुके हैं, जबकि अब कालका और नरवाना भी इस सूची में शामिल हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस ये स्टेशन केवल यात्रा को आसान नहीं बनाएंगे, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार देंगे। स्टेशन परिसर में बेहतर यात्री सुविधाएं, आधुनिक डिजाइन और उन्नत बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है, जिससे यात्रियों का सफर पहले से अधिक सुविधाजनक होगा।
कार्यक्रम के दौरान जालंधर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया, जिनमें हरियाणा के कालका और नरवाना स्टेशन भी शामिल रहे।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को लगातार बड़ी विकास परियोजनाएं : सीएम सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को लगातार बड़ी विकास परियोजनाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में प्रदेश को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन सहित करीब 15 हजार करोड़ रुपये की नौ बड़ी परियोजनाओं की सौगात भी मिली है।
रेलवे बजट का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में हरियाणा को महज 315 करोड़ रुपये का रेल बजट मिलता था, जबकि 2026-27 में यह बढ़कर 3,566 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की विकासोन्मुख सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि बढ़ते निवेश से हरियाणा का रेलवे नेटवर्क तेजी से आधुनिक बन रहा है और आने वाले समय में इसका लाभ प्रदेश के करोड़ों यात्रियों को मिलेगा।

