भुवनेश्वर। पवित्र रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ओडिशा सरकार ने राज्य की महिलाओं के लिए एक बड़ा कल्याणकारी कदम उठाया है। राज्य सरकार ने अपनी महत्वाकांक्षी ‘सुभद्रा योजना’ (Subhadra Yojana) की पांचवीं किश्त की राशि औपचारिक रूप से जारी कर दी है। इसके तहत राज्य की 1,03,26,162 महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹5,000 की राशि सीधे (Direct Benefit Transfer – DBT) ट्रांसफर कर दी गई है।
कुल ₹5,160 करोड़ से अधिक की इस विशाल राशि को नयागढ़ जिले के लाठीपाड़ा में आयोजित एक भव्य जनसभा में बटन दबाकर जारी किया गया। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री प्रवाती परिड़ा और राज्य मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ मंत्री उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पांचवीं किश्त के इस हस्तांतरण में कई महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली हैं। इस किश्त में 2,21,054 नए लाभार्थियों को पहली बार इस योजना का लाभ दिया गया है।
जो योग्य महिलाएं तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से पिछली किश्तों से वंचित रह गई थीं, उनके बैंक खातों में सभी पांचों किश्तों का बकाया पैसा एक साथ जमा किया गया है। सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से अछूती न रहे।
‘सुभद्रा योजना’ को ओडिशा में महिला सशक्तिकरण की रीढ़ माना जा रहा है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं के लिए यह वित्तीय सहायता एक बड़ा संबल बन चुकी है।
राखी पर्व के शुभ अवसर पर सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करते हुए आर्थिक सहायता का यह हस्तांतरण राज्य सरकार की तणमूल स्तर पर महिला आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


