रांची। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने रांची और खूंटी जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए शिकायत दर्ज कराने की नई सुविधा शुरू की है। अब बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ता कॉल या व्हाट्सएप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने रांची और खूंटी जिले के बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिकायत निवारण प्रक्रिया को सरल बना दिया है।

इस व्हाट्सएप नंबर पर दर्ज कर सकते हैं शिकायत

जेबीवीएनएल के विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची द्वारा जारी सूचना के अनुसार, अब उपभोक्ता बिजली आपूर्ति, बिजली बिल, मीटर या अन्य विद्युत सेवाओं से संबंधित शिकायतें मोबाइल नंबर 94311135682 पर कॉल करके या इसी नंबर पर व्हाट्सएप के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं।


उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
निगम का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।अधिकारियों के मुताबिक, शिकायत दर्ज होते ही संबंधित मामले को प्राथमिकता के आधार पर विभागीय अधिकारियों तक भेजा जाएगा, ताकि बिजली आपूर्ति में बाधा, गलत बिलिंग, मीटर संबंधी समस्याओं और अन्य तकनीकी शिकायतों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जा सके।

जेबीवीएनएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली संबंधी किसी भी समस्या के लिए इस सुविधा का उपयोग करें, जिससे शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।