० 12 बसों का नियमित संचालन, ग्रुप बुकिंग की सुविधा; रेलवे ने रांची होकर मधुपुर स्पेशल ट्रेन चलाने का किया ऐलान
रांची। बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रावणी मेले की शुरुआत से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर प्रशासन और रेलवे ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। रांची से देवघर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बस सेवाओं का विस्तार किया गया है, वहीं श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का भी फैसला लिया गया है। साथ ही सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
बस सेवा में क्या है खास?
० खादगढ़ा बस स्टैंड से रोजाना 12 बसों का नियमित संचालन।
० ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से एडवांस बुकिंग की सुविधा।
० सीट का किराया 550 रुपये और स्लीपर का किराया 600 रुपये।
० 35 या उससे अधिक श्रद्धालुओं के समूह के लिए पूरी बस बुक कराने की सुविधा।
० जरूरत पड़ने पर 5 से 10 अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी।
श्रावणी मेले के लिए प्रशासन अलर्ट
राज्य सरकार ने श्रावणी मेले के दौरान व्यवस्था संभालने के लिए देवघर और दुमका में 65 प्रशासनिक अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। वहीं, पुलिस मुख्यालय ने 27 पुलिस अधिकारियों और 90 वायरलेस ऑपरेटरों की भी तैनाती की है, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
रांची होकर चलेगी स्पेशल ट्रेन
श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर साप्ताहिक श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (08895/08896) चलाने का निर्णय लिया है।
ट्रेन संख्या 08895 : 1 अगस्त से 29 अगस्त तक प्रत्येक शनिवार को इतवारी से मधुपुर के लिए चलेगी और रांची होकर गुजरेगी।
ट्रेन संख्या 08896 : 2 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार को मधुपुर से इतवारी के लिए संचालित होगी।
रेलवे का कहना है कि इस विशेष ट्रेन से श्रावणी मेले के दौरान रांची और आसपास के क्षेत्रों से बाबा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी।


