अजयारविंद नामदेव, शहडोल। जिले में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से जिला पुलिस बल के 50 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस बड़ी प्रशासनिक सर्जरी में सोहागपुर और कोतवाली थानों में सबसे अधिक बदलाव देखने को मिले हैं।
50 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले
पुलिस अधीक्षक ने पदभार संभालने के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से जारी आदेश में 50 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, इन तबादलों में कार्यवाहक उप निरीक्षक (SI), सहायक उप निरीक्षक (ASI), प्रधान आरक्षक और आरक्षकों सहित महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में पदस्थ पुलिसकर्मियों को विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख थानों जैसे कोतवाली, सोहागपुर, जैतपुर, बुढ़ार, अमलाई, जयसिंहनगर और व्यौहारी में नवीन पदस्थापना दी गई है।
गंभीर लापरवाही माना जाएगा
कई पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला कंट्रोल रूम में अटैच किया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को अल्टीमेटम दिया गया है कि वे आगामी 3 दिनों के भीतर अपने नवीन पदस्थापना स्थल पर अनिवार्य रूप से जॉइनिंग करें। आदेश में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि यदि नियत समय सीमा के भीतर कोई भी शासकीय सेवक अपने नए कर्तव्य स्थल पर उपस्थित नहीं होता है, तो इसे गंभीर लापरवाही माना जाएगा। एसपी डॉ. अग्रवाल पुलिस व्यवस्था को अधिक सक्रिय, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रशासनिक कदम उठा रहे हैं।




Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

