पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच जरमल सिंह की हत्या के मामले में एक बड़ा मोड़ आया है. मिली जानकारी के अनुसार जिस आरोपी को रायपुर से पकड़ा गया था, सुखराज सिंह की मौत हो गई.
पुलिस मुठभेड़ के दौरान इस हत्याकांड के मुख्य शूटर सुखराज सिंह की मौत हो गई है. अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने पुष्टि की है कि यह घटना उस समय हुई जब पुलिस आरोपी को हथियारों की रिकवरी के लिए ले जा रही थी. इस एनकाउंटर ने न केवल अपराधियों के बीच खौफ पैदा कर दिया है बल्कि पंजाब की कानून-व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का भी जवाब दिया है. पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क को क्रैक करने का दावा किया है.
अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सरपंच जरमल सिंह के कत्ल के मामले में अब तक सात आरोपियों को पकड़ा गया था. इनमें सुखराज सिंह और करमजीत सिंह मुख्य शूटर थे. सुखराज वही अपराधी था, जिसने सरपंच पर पहली गोली दागी थी.
गिरफ्तारी के बाद सुखराज ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने नहर के पास हथियार छिपाए हैं. जब पुलिस पार्टी उसे हथियारों की रिकवरी कराकर वापस लौट रही थी, तभी बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.
हमलावरों ने पुलिस पर छह राउंड गोलियां चलाईं. इसी दौरान गाड़ी में बैठे सुखराज ने भागने की कोशिश की. पुलिस के साथ हुई हाथापाई में गोली चल गई, जिससे एक पुलिसकर्मी और सुखराज जख्मी हो गए. अस्पताल में इलाज के दौरान सुखराज की मौत हो गई.

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई अचानक हुआ हमला नहीं था, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी. सरपंच जरमल सिंह का कत्ल प्रभ दासुवाल के कहने पर किया गया था. प्रभ दासुवाल और सरपंच के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी. पुलिस के अनुसार, सुखराज सिंह अपने गैंग के लिए इतना अहम था कि उसके साथियों ने उसे छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर ही सीधा हमला बोल दिया.
नेटवर्क का खुलासा और आगामी कार्रवाई
इस मामले में पुलिस ने कुल सात गिरफ्तारियां की हैं. इनमें दो शूटर थे और बाकी पांच ने रसद (लॉजिस्टिक्स) और रेकी में मदद की थी. कमिश्नर ने बताया कि जिस व्यक्ति ने शादी के अंदर से रेकी की थी, उसकी पहचान हो चुकी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. सुखराज पर पहले भी चार संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे. बाइक सवार हमलावरों की तलाश में इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है.
- दीपावली पर ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों के बीच पहुंचे मंत्री गजेन्द्र यादव, मिठाई और उपहार भेंटकर साझा की त्योहार की खुशियां
- अभ्यर्थी ध्यान दें! UPESSC असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा की एडवांस सिटी इंटीमेशन लिस्ट जारी, ऐसे चेक करें अपना शहर
- दतिया कलेक्टर ने परिवार संग आदिवासी बस्ती में मनाई दीपावली, बच्चों को बांटे कपड़े, मिठाई और पटाखे
- नवादा: दिवाली के दिन बेखौफ बदमाशों ने मिठाई कारोबारी को मारी गोली, पटना रेफर
- दिवाली पर जमकर खाएं पकवान और मिठाइयां, फिर भी नहीं बढ़ेगा वजन, अपनाएं ये आसान टिप्स
