कोडरमा। झारखंड में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। चंदवारा थाना क्षेत्र के मदनगुंडी टोल प्लाजा के पास देर रात पुलिस ने दो संदिग्ध ट्रकों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों ट्रकों में बेरहमी से ठूंसकर रखे गए 27 पशु बरामद हुए। इनमें 17 भैंस और 10 बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 16 और 14 चक्का ट्रक भी जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में बिहार से पश्चिम बंगाल तक फैले पशु तस्करी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

पुलिस को देखकर ट्रकों की रफ्तार बढ़ाने लगे चालक

पुलिस के अनुसार, एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से दो बड़े ट्रकों में पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर कोडरमा के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही विशेष टीम का गठन किया गया। चार नवंबर की रात करीब दो बजे मदनगुंडी टोल प्लाजा के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

इसी दौरान कोडरमा की ओर से आ रहे दो ट्रकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन पुलिस को देखते ही चालकों ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने बैरियर लगाकर दोनों ट्रकों को रोक लिया। तलाशी लेने पर अंदर 27 पशु मिले, जिन्हें बेहद अमानवीय तरीके से लादकर ले जाया जा रहा था।

फर्जी दस्तावेज बनाकर बंगाल ले जा रहे थे पशु

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पशुओं को बिहार के बख्तियारपुर से लोड किया गया था। इन्हें पश्चिम बंगाल के पगला हाट, कोलकाता ले जाने की योजना थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी के लिए फर्जी परिवहन दस्तावेज तैयार किए गए थे। इतना ही नहीं, रास्ते में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से ट्रकों को सुरक्षित निकालने के लिए अन्य लोगों से भी संपर्क किया गया था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

पटना के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार, विकास कुमार, अमरनाथ यादव और हरेन्द्र साव के रूप में की है। चारों बिहार के पटना जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। मामले में चंदवारा थाना पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

दो ट्रक और चार मोबाइल फोन जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27 पशुओं के अलावा तस्करी में इस्तेमाल दो ट्रक और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

  • 17 भैंस और 10 बच्चे
  • 16 चक्का ट्रक (WB41K1404)
  • 14 चक्का ट्रक (JH02AU1239)
  • चार मोबाइल फोन

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।