रिजवान अंसारी, बुरहानपुर। शहर के गणपति नाका थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर पुलिसकर्मी की सतर्कता और तत्परता से एक दर्दनाक हादसा टल गया। पैसों के लेन-देन से परेशान एक युवक ने थाने के मुख्य द्वार के पास अपने दो मासूम बच्चों और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। इससे पहले कि वह माचिस सुलगा पाता, एक मुस्तैद पुलिसकर्मी ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और सभी को सुरक्षित थाने के भीतर ले गया।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित राहुल (पिता ताराचंद अटकड़े) का अपने पड़ोसी अफजल से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। राहुल ने करीब एक महीने पहले अपनी बाइक 5,000 रुपये में अफजल के पास गिरवी रखी थी। राहुल का आरोप था कि पड़ोसी अब बाइक लौटाने के बदले उससे 50,000 रुपये की मांग कर रहा था। इसी बात से क्षुब्ध होकर राहुल शनिवार दोपहर अपने दोनों बच्चों के साथ गणपति नाका थाने पहुंचा। उसने अपनी बाइक की कैन से पेट्रोल निकालकर खुद पर और अपने दोनों बच्चों पर छिड़क लिया। पुलिसकर्मी की नज़र जैसे ही उस पर पड़ी, उसने तुरंत दौड़ लगाकर राहुल को माचिस लगाने से रोक लिया।

9 अगस्त महाकाल भस्म आरती: एकादशी पर भगवान महाकालेश्वर का आकर्षक श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन

पुलिस ने कराई मध्यस्थता, हुआ समझौता

घटना के तुरंत बाद गणपति नाका पुलिस ने दूसरे पक्ष (अफजल) को थाने बुलवाया और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। पूछताछ में अफजल ने बताया कि उसने पूर्व में भी राहुल को 45 हजार रुपये दिए थे और समझ नहीं आ रहा कि उसने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया। गणपति नाका थाना टीआई कमल सिंह पंवार ने बताया कि दोनों पक्षों को बैठाकर मामले का शांतिपूर्ण समाधान करा दिया गया है। अफजल ने राहुल को बिना किसी लेन-देन के बाइक की चाबी सौंप दी, जिसके बाद दोनों पक्ष समझौते पर सहमत होकर थाने से रवाना हो गए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m