केतार। सावन की सोमवारी पर पूजा-अर्चना और जल उठाने सोन नदी घाट पहुंची तीन मासूम बच्चियां अचानक नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गईं। हादसा गढ़वा जिले के केतार थाना क्षेत्र के पाचाडुमर सोन नदी घाट पर हुआ। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

एक बच्ची को ग्रामीणों ने बचाया

घटना के दौरान घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाई और एक बच्ची को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। बचाई गई बच्ची की पहचान 10 वर्षीय प्रिया कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य बच्चियां अभी भी लापता हैं।

जल उठाने के दौरान गहरे पानी में गईं

जानकारी के मुताबिक, सावन की सोमवारी को लेकर पाचाडुमर सोन नदी घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। इसी दौरान केतार गांव की जूली कुमारी, निक्की कुमारी और प्रिया कुमारी नदी में स्नान करने और जल उठाने पहुंचीं। इसी क्रम में तीनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और तेज बहाव की चपेट में आ गईं।

बच्चियों को नदी में बहता देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और प्रिया को बाहर निकाल लिया।

दो बच्चियों की तलाश जारी

तेज धार में बहने वाली दोनों बच्चियों की पहचान जूली कुमारी (करीब 10-12 वर्ष) और निक्की कुमारी (करीब 10-12 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश में जुटी हुई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की खबर मिलते ही बच्चियों के परिजन सोन नदी घाट पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जुटी हुई है, जबकि केतार गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।फिलहाल प्रशासन की टीम लापता दोनों बच्चियों को खोजने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।