रांची। धनबाद रेल मंडल के सीआईसी सेक्शन में मंगलवार सुबह कोयला लदी मालगाड़ी के डिरेल होने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया। हादसे के बाद ट्रेन संख्या 18612 बनारस-रांची एक्सप्रेस का मार्ग बदल दिया गया है। ट्रेन अब अपने निर्धारित मार्ग सोननगर-गढ़वा रोड-बरकाकाना के बजाय सोननगर-गया-गोमो-मुरी होते हुए रांची पहुंचेगी।
11 वैगन बेपटरी, दो डाउन लाइन पर गिरे
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10:45 बजे अंतिम सीमा क्षेत्र के सबौना गांव के पास खलारी से सोननगर की ओर रिवर्सल लाइन से जा रही कोयला लदी मालगाड़ी के 11 वैगन पटरी से उतर गए। इनमें दो वैगन डाउन लाइन पर जा गिरे।
हादसे के कारण मुगलसराय से धनबाद रेल मंडल की ओर जाने वाला रेल परिचालन प्रभावित हो गया। घटना के करीब दो घंटे बाद तक सुरक्षा कारणों से अप लाइन पर भी ट्रेनों का परिचालन शुरू नहीं किया जा सका।
दो हिस्सों में बंट गया मालगाड़ी का रैक
हादसे में मालगाड़ी का पूरा रैक दो हिस्सों में बंट गया। इंजन की तरफ के चार कोयला लदे वैगन और गार्ड वैन की ओर के सात वैगन पटरी से उतर गए।
डिरेलमेंट के कारण रिवर्सल लाइन की पटरी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर रेलवे अधिकारियों और राहत दल ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बरवाडीह, चोपन और मुगलसराय से भेजी गई राहत ट्रेन
घटना की सूचना मिलते ही बरवाडीह, चोपन और मुगलसराय से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और रेलवे क्रेन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। राहत दल के पहुंचने के बाद पटरी से उतरे क्षतिग्रस्त वैगनों को हटाने और रेलवे ट्रैक की मरम्मत का काम शुरू किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारण रेलवे को काफी नुकसान होने का अनुमान है। फिलहाल क्षतिग्रस्त ट्रैक और वैगनों को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
कई यात्री ट्रेनों पर पड़ा असर
मालगाड़ी के डिरेल होने से इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेल प्रशासन परिचालन जल्द सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर राहत और मरम्मत कार्य में जुटा है।
फिलहाल बनारस-रांची एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे की ओर से ट्रैक को जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।


