हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। आयोग अगले चार महीनों में दर्जनों परीक्षा और इंटरव्यू का आयोजन करने जा रहा है। MPPSC ने परीक्षा कैलेंडर और चयन प्रक्रिया को गति देते हुए 31 दिसंबर से पहले सभी प्रमुख परीक्षाओं की चयन सूचियां (Selection Lists) जारी करने की तैयारी कर ली है।

आगामी मुख्य परीक्षाओं का शेड्यूल

आयोग द्वारा जारी संभावित तिथियों के अनुसार प्रमुख भर्ती परीक्षाएं निम्न प्रकार आयोजित की जाएंगी।

7 से 12 सितंबर: राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026
20 सितंबर: सहायक नियोजन एवं विशेष आयुर्वेद पदों के लिए परीक्षा
27 सितंबर: राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा
4 अक्टूबर: आंतरिक लेखा परीक्षा अधिकारी और असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा
18 अक्टूबर: एडीपीओ (ADPO) भर्ती परीक्षा
22 नवंबर: कृषि विकास, वैज्ञानिक अधिकारी और सांख्यिकी चयन परीक्षा

सितंबर से दिसंबर तक चलेंगे इंटरव्यू, 31 दिसंबर से पहले रिजल्ट

सितंबर से लेकर दिसंबर माह तक MPPSC द्वारा विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार (Interview) आयोजित किए जाएंगे। इनमें मुख्य रूप से एडीपीओ, सहायक संचालक (किसान कल्याण एवं कृषि विकास), वैज्ञानिक अधिकारी (भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान) समेत कई अन्य विभाग शामिल हैं। 20 दिसंबर तक संपन्न होने वाले सभी साक्षात्कारों की अंतिम चयन सूची 31 दिसंबर से पहले घोषित कर दी जाएगी, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को नए साल से पहले बड़ी राहत मिलेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m