Dharm Desk – शाम होते ही चाय के साथ कुछ गरमा-गरम और चटपटा खाने का मन होने लगता है। ऐसे में अगर आप भी रोज-रोज समोसे, कचौरी या बाजार के स्नैक्स खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार घर पर अरबी के पत्तों के पकौड़े बनाकर देखिए। बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम ये पकौड़े स्वाद में बेहद लाजवाब लगते हैं। खास बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए किसी खास या महंगे सामान की जरूरत नहीं पड़ती। घर में मौजूद बेसिक मसालों और कुछ आसान सामग्री की मदद से आप इन्हें झटपट तैयार कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं अरबी के पत्तों के पकौड़े बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री
अरबी के पत्ते – 6-8
बेसन – 1 कप
चावल का आटा – 2 बड़े चम्मच
अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
हरी मिर्च – 2 बारीक कटी हुई
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर – 1/4 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
अजवाइन – 1/2 छोटा चम्मच
तिल – 1 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
नींबू का रस – 1 छोटा चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
तेल – पकौड़े तलने के लिए
विधि
- सबसे पहले अरबी के पत्तों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। इसके बाद पत्तों को कपड़े से पोंछकर उनका अतिरिक्त पानी सुखा लें।
- अब एक बड़े बर्तन में बेसन, चावल का आटा, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, अजवाइन, तिल, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और नमक डालें। इसमें नींबू का रस डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए गाढ़ा घोल तैयार कर लें।
- अब एक अरबी का पत्ता लें और उसके ऊपर तैयार बेसन का घोल अच्छी तरह फैला दें। इसके ऊपर दूसरा पत्ता रखें और फिर से बेसन का मिश्रण लगाएं। इसी तरह 3-4 पत्तों की परत तैयार कर लें। अब इन्हें सावधानी से रोल करते हुए बेलनाकार आकार दें।
- तैयार रोल को भाप में करीब 15-20 मिनट तक पकाएं। पकने के बाद इसे थोड़ा ठंडा होने दें और फिर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब कड़ाही में तेल गर्म करें और इन टुकड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।
- गरमा-गरम अरबी के पत्तों के पकौड़ों को हरी चटनी, इमली की चटनी या चाय के साथ सर्व करें। शाम की चाय के लिए यह एक स्वादिष्ट और अलग तरह का स्नैक बन सकता है।



