Lifestyle Desk – बारिश का मौसम आते ही गरमागरम चाय के साथ कुछ कुरकुरा और चटपटा खाने का मन होने लगता है. अगर इस बार आप समोसे या आलू-प्याज के पकौड़ों से हटकर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो मशरूम के पकौड़े बेहतरीन विकल्प हैं. बाहर से सुनहरे और कुरकुरे, जबकि अंदर से मुलायम ये पकौड़े स्वाद में बेहद लाजवाब लगते हैं. अच्छी बात यह है कि इन्हें घर पर बहुत कम समय में आसानी से तैयार किया जा सकता है. आइए जानते हैं इसकी रेसिपी.

सामग्री

बटन मशरूम-200 ग्राम
बेसन-1 कप
चावल का आटा -2 बड़े चम्मच (अतिरिक्त कुरकुरापन के लिए)
लाल मिर्च पाउडर-1 छोटा चम्मच
हल्दी-½ छोटा चम्मच
धनिया पाउडर-1 छोटा चम्मच
गरम मसाला-½ छोटा चम्मच
अजवाइन-½ छोटा चम्मच
हरी मिर्च -1–2 बारीक कटी हुई
हरा धनिया -2 बड़े चम्मच बारीक कटा हुआ
नमक-स्वादानुसार
आवश्यकतानुसार पानी
तलने के लिए तेल

विधि

  1. सबसे पहले मशरूम को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें और अतिरिक्त पानी कपड़े या टिश्यू से सुखा दें. यदि मशरूम बड़े हों तो उन्हें दो हिस्सों में काट लें.
  2. एक बड़े बाउल में बेसन, चावल का आटा, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अजवाइन, नमक, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर मिला लें.
  3. इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें. घोल इतना होना चाहिए कि मशरूम पर अच्छी तरह चिपक जाए.
  4. कड़ाही में तेल गरम करें. हर मशरूम को तैयार घोल में अच्छी तरह लपेटकर गरम तेल में डालें. मध्यम आंच पर पकौड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तैयार पकौड़ों को निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
  5. गरमा-गरम मशरूम के पकौड़ों को हरी धनिया की चटनी, इमली की मीठी चटनी या टमाटर केचप के साथ परोसें. साथ में अदरक-इलायची वाली गर्म चाय हो तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है.

टिप्स

  1. अधिक कुरकुरे पकौड़ों के लिए बेसन में थोड़ा चावल का आटा या कॉर्नफ्लोर जरूर मिलाएं.
  2. घोल न ज्यादा पतला रखें और न ही बहुत गाढ़ा.
  3. पकौड़ों को हमेशा मध्यम आंच पर तलें, ताकि वे बाहर से कुरकुरे और अंदर से अच्छी तरह पक जाएं.