Lifestyle Desk – भारतीय घरों में पनीर से बनी डिशेज काफी पसंद की जाती हैं। पनीर की सब्जी और पराठे तो अक्सर घरों में बनते हैं, लेकिन अगर नाश्ते में कुछ अलग और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहती हैं, तो इस बार पनीर कचौड़ीबना सकती हैं। बाहर से कुरकुरी और अंदर से मसालेदार पनीर की फिलिंग वाली ये कचौड़ियां परिवार के हर सदस्य को पसंद आ सकती हैं। आइए जानते हैं इसे घर पर आसानी से बनाने की रेसिपी।

सामग्री
कचौड़ी के आटे के लिए
मैदा – 2 कप
सूजी – 2 बड़े चम्मच
घी – 3 बड़े चम्मच
नमक – स्वादानुसार
अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
तेल – तलने के लिए
पनीर की फिलिंग के लिए
पनीर – 250 ग्राम, कद्दूकस किया हुआ
हरी मिर्च – 2 बारीक कटी हुई
अदरक – 1 छोटा चम्मच, कद्दूकस किया हुआ
प्याज – 1 छोटा, बारीक कटा हुआ
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
गरम मसाला – ½ छोटा चम्मच
अमचूर पाउडर – ½ छोटा चम्मच
जीरा – ½ छोटा चम्मच
सौंफ – ½ छोटा चम्मच, हल्की कुटी हुई
कसूरी मेथी – 1 छोटा चम्मच
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच, बारीक कटा हुआ
नमक – स्वादानुसार
विधि
- एक बड़े बर्तन में मैदा, सूजी, नमक और अजवाइन डालें। इसमें घी डालकर अच्छी तरह मसलें। थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर सख्त आटा गूंथ लें। इसे 15–20 मिनट ढककर रख दें।
- कड़ाही में 1 छोटा चम्मच तेल गर्म करें। जीरा और सौंफ डालें। फिर अदरक, हरी मिर्च और प्याज डालकर हल्का भून लें।
- अब कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें। धनिया पाउडर, लाल मिर्च, गरम मसाला, अमचूर, कसूरी मेथी और नमक डालकर 2–3 मिनट भूनें।
- गैस बंद करके हरा धनिया मिलाएं और पनीर की फिलिंग को ठंडा होने दें।आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। एक लोई को हल्का बेलकर बीच में 1–2 चम्मच पनीर की फिलिंग रखें। किनारों को बंद करके हल्के हाथ से गोल कचौड़ी बेलें।
- कड़ाही में तेल गर्म करें। तेल बहुत तेज गर्म न हो। कचौड़ियों को मध्यम-धीमी आंच पर डालकर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें।तैयार पनीर कचौड़ियों को टिश्यू पेपर पर निकालें।
- गरमा-गरम पनीर कचौड़ियों को हरी धनिया-पुदीना चटनी, मीठी इमली की चटनी या दही के साथ परोसें। ऊपर से थोड़ा चाट मसाला डालेंगे तो स्वाद और भी बढ़ जाएगा।



