Lifestyle Desk – गर्मियों में ठंडी-ठंडी केसर कुल्फी का स्वाद हर किसी को पसंद आता है. बाजार में वैसे तो आइसक्रीम और कुल्फी की ढेरों वैरायटी मिल जाती है लेकिन घर पर बनाकर खाने का मजा ही अलग होता है और वो बिना किसी प्रिजर्वेटिव और आर्टिफिशियल कलर के भी होगा. तो चलिए जानते हैं घर पर बिल्कुल बाजार जैसी शाही कुल्फी बनाने का तरीका.

सामग्री
फुल क्रीम दूध-1 लीटर
चीनी -½ कप
केसर के धागे-10–12
इलायची पाउडर-½ छोटा चम्मच
बादाम -2 बड़े चम्मच (बारीक कटे हुए)
पिस्ता -2 बड़े चम्मच (बारीक कटे हुए)
विधि
- एक भारी तले वाले बर्तन में दूध डालकर मध्यम आंच पर उबालें. दूध को लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक वह लगभग आधा न रह जाए और गाढ़ा न हो जाए.
- अब इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह घोल लें. केसर के धागों को 1–2 चम्मच गर्म दूध में भिगोकर मिश्रण में मिला दें.
- इलायची पाउडर, कटे हुए बादाम और पिस्ता डालकर 2–3 मिनट तक पकाएं. गैस बंद करें और मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें.
- तैयार मिश्रण को कुल्फी मोल्ड या छोटे कप में भरें. ऊपर से फॉयल लगाकर बीच में आइसक्रीम स्टिक लगा दें. मोल्ड को 6–8 घंटे या रातभर के लिए फ्रीजर में रख दें. जमने के बाद मोल्ड को कुछ सेकंड के लिए पानी में डुबोएं और कुल्फी निकाल लें.
- ऊपर से कटे हुए पिस्ता और बादाम डालकर सर्व करें.
- चाहें तो थोड़ी केसर की सजावट भी कर सकते हैं.
टिप्स
- अधिक मलाईदार स्वाद के लिए 2–3 बड़े चम्मच कंडेंस्ड मिल्क भी मिला सकते हैं.
- कुल्फी को और रिच बनाने के लिए थोड़ा खोया (मावा) डालना भी अच्छा विकल्प है.

