Lifestyle Desk :- क्या आप जानते हैं कि दलिया और सब्जियों की मदद से एक ऐसा स्वादिष्ट नाश्ता भी तैयार किया जा सकता है, जो हेल्दी होने के साथ-साथ बच्चों और बड़ों सभी को पसंद आए? अगर आप रोज-रोज पोहा, उपमा या पराठा खाकर बोर हो गए हैं, तो दलिया से बने चीजी नगेट्स एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। इन्हें नाश्ते के साथ-साथ शाम के स्नैक्स के तौर पर भी बनाया जा सकता है। सब्जियों, दलिया और चीज से तैयार ये नगेट्स स्वादिष्ट होने के साथ पेट को लंबे समय तक भरा रखने में भी मदद कर सकते हैं।आइए जानते हैं दलिया चीजी नगेट्स बनाने का तरीका।

सामग्री
दलिया-1 कप
गाजर-1 कप बारीक कटी हुई
शिमला मिर्च-½ कप बारीक कटी
आलू-½ कप उबले और मैश किए हुए
प्याज-½ कप बारीक कटा हुआ
चीज-½ कप कद्दूकस किया हुआ
हरी मिर्च -2 बारीक कटी हुई
हरा धनिया-2 बड़े चम्मच बारीक कटा
लाल मिर्च पाउडर-½ चम्मच
चाट मसाला-½ चम्मच
गरम मसाला-½ चम्मच
नमक -स्वादानुसार
ब्रेड क्रम्ब्स-2-3 बड़े चम्मच
तेल, सेंकने या हल्का फ्राई करने के लिए


विधि
1-सबसे पहले दलिया को अच्छी तरह धोकर कुछ देर के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद अतिरिक्त पानी निकाल दें।
2-अब एक पैन में दलिया डालकर थोड़ा पानी मिलाएं और इसे नरम होने तक पकाएं। ध्यान रखें कि दलिया बहुत ज्यादा पतला न हो। पकने के बाद इसे ठंडा होने दें।
3-अब एक बड़े बाउल में पका हुआ दलिया, मैश किए हुए आलू, गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालें। इसमें कद्दूकस किया हुआ चीज भी मिला दें। इसके बाद नमक, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला और गरम मसाला डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
4-अगर मिश्रण थोड़ा नरम लगे तो इसमें ब्रेड क्रम्ब्स डालें और अच्छी तरह मिलाएं। अब हाथों में थोड़ा तेल लगाकर मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां लें और उन्हें नगेट्स का आकार दें। आप चाहें तो इन्हें गोल, अंडाकार या अपनी पसंद के किसी भी आकार में बना सकते हैं।
5-अब एक नॉन-स्टिक पैन गर्म करें और उसमें थोड़ा तेल डालें। तैयार नगेट्स को पैन में रखें और धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंकें। आप चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर या ओवन में भी बना सकते हैं।
6-तैयार गरमा-गरम चीजी नगेट्स को टोमैटो सॉस, हरी चटनी या दही की डिप के साथ सर्व करें। चीज और सब्जियों का स्वाद इन नगेट्स को खास बनाता है, जबकि दलिया इसमें फाइबर और अन्य पोषक तत्व जोड़ता है।
घर में मेहमान आए हों या बच्चों के लिए कुछ स्वादिष्ट और अलग बनाने का मन हो, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें। इसे आप कम तेल में बनाकर एक स्वादिष्ट और पौष्टिक नाश्ते के रूप में परोस सकते हैं।