Lifestyle Desk – साउथ इंडियन व्यंजनों में इडली और डोसा सबसे ज़्यादा पसंद किए जाने वाले व्यंजनों में शामिल हैं. अब ये केवल दक्षिण भारत तक सीमित नहीं रहे, बल्कि देशभर के घरों में नाश्ते का पसंदीदा हिस्सा बन चुके हैं. हालांकि, कई बार इडली बच जाती है और उसे दोबारा उसी रूप में खाने का मन नहीं करता. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो बची हुई इडली को फेंकने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. इडली का स्वाद हल्का और सादा होता है, इसलिए इसे आसानी से नया ट्विस्ट देकर एक स्वादिष्ट स्नैक बनाया जा सकता है. आज हम आपको बची हुई इडली से कुरकुरे और चटपटे इडली पकौड़े बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं, जिसे बच्चे और बड़े सभी पसंद करेंगे.

सामग्री
इडली-4–5 बची हुई
बेसन-1 कप
चावल का आटा -2 बड़े चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-1 छोटा चम्मच
हल्दी-½ छोटा चम्मच
अजवाइन-½ छोटा चम्मच
धनिया पाउडर-1 छोटा चम्मच
हींग-चुटकीभर
स्वादानुसार-नमक
हरा धनिया-थोड़ा-सा बारीक कटा
पानी -आवश्यकतानुसार
तलने के लिए तेल
विधि
- सबसे पहले इडली को मनचाहे आकार के टुकड़ों में काट लें.
- एक बाउल में बेसन, चावल का आटा, लाल मिर्च, हल्दी, अजवाइन, धनिया पाउडर, हींग, नमक और हरा धनिया डालकर मिलाएं.
- इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और चिकना घोल तैयार करें. कड़ाही में तेल गर्म करें.
- इडली के टुकड़ों को बेसन के घोल में अच्छी तरह लपेटकर गर्म तेल में डालें.
- मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
- तैयार इडली पकौड़ों को टिश्यू पेपर पर निकालें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए.
- गरमा-गरम इडली पकौड़ों को हरी चटनी, टमाटर सॉस या नारियल की चटनी के साथ परोसें. बची हुई इडली से तैयार यह आसान और स्वादिष्ट स्नैक चाय के साथ भी बेहतरीन लगता है.

