Lifestyle Desk – गणेश उत्सव में बप्पा को हर दिन अलग-अलग तरह की मिठाइयों का भोग लगाने का अपना ही आनंद है। अगर आप भी गणपति भगवान के लिए इस बार घर पर कुछ स्पेशल और स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं, तो रसमलाई लड्डू एक बढ़िया विकल्प हो सकता है। रसमलाई का मलाईदार और शाही स्वाद वैसे भी लोगों को खूब पसंद आता है और जब यही स्वाद लड्डू में मिलता है, तो मिठाई और भी खास बन जाती है।

इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बाजार से बहुत ज्यादा सामान लाने की जरूरत नहीं है। दूध, मिल्क पाउडर और घर में मौजूद कुछ सामान्य सामग्री से आप आसानी से स्वादिष्ट रसमलाई लड्डू तैयार कर सकती हैं। तो आइए जानते हैं रसमलाई लड्डू बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री

मिल्क पाउडर – 1 कप
फुल क्रीम दूध – ½ कप
कंडेंस्ड मिल्क – ½ कप
घी – 2 बड़े चम्मच
चीनी – 2 से 3 बड़े चम्मच
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
केसर – 8 से 10 धागे
गुलाब जल – ½ छोटा चम्मच
पिस्ता – 2 बड़े चम्मच, बारीक कटा हुआ
बादाम – 2 बड़े चम्मच, बारीक कटे हुए

विधि

  1. सबसे पहले एक कड़ाही में घी डालकर हल्का गर्म करें। इसमें मिल्क पाउडर डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए हल्का भून लें। ध्यान रखें कि मिल्क पाउडर का रंग न बदले।
  2. अब इसमें धीरे-धीरे दूध और कंडेंस्ड मिल्क डालते हुए मिश्रण को लगातार चलाएं। कुछ देर पकाने के बाद यह गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगेगा।
  3. अब इसमें चीनी, इलायची पाउडर और केसर डालकर अच्छी तरह मिला लें। गैस बंद करने के बाद गुलाब जल डालें और मिश्रण को अच्छी तरह मिक्स करें। मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें।
  4. जब यह हल्का गर्म रह जाए, तो हाथों पर थोड़ा घी लगाकर इसके छोटे-छोटे हिस्से लें और गोल आकार देकर लड्डू तैयार करें। आखिर में लड्डुओं पर कटे हुए पिस्ता और बादाम लगाएं।
  5. तैयार हैं स्वादिष्ट रसमलाई लड्डू। इन्हें कुछ देर फ्रिज में ठंडा करके गणपति बप्पा को भोग में चढ़ाएं और प्रसाद के रूप में परिवार के साथ इसका आनंद लें।