Lifestyle Desk – आज के समय में मोमोज बच्चों से लेकर बड़ों और बुजुर्गों तक की पसंदीदा स्नैक डिश बन चुके हैं. सड़क किनारे लगने वाले ठेलों से उठती मोमोज की खुशबू अक्सर लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर लेती है. हालांकि, बाहर मिलने वाले मोमोज की स्वच्छता को लेकर कई लोग चिंतित रहते हैं और इन्हें घर पर बनाना पसंद करते हैं. लेकिन घर में मोमोज बनाने की बात आते ही एक बड़ी समस्या सामने आती है स्टीमर का न होना.

अक्सर लोगों को लगता है कि बिना स्टीमर के मोमोज बनाना संभव नहीं है, क्योंकि बाजार में मिलने वाले ज्यादातर मोमोज खास स्टीमर बर्तन में तैयार किए जाते हैं. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. आप घर में प्रेशर कुकर पर आसानी से बाजार जैसे नरम और स्वादिष्ट मोमोज तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आपको किसी महंगे उपकरण की जरूरत नहीं पड़ेगी. तो आइए जानते हैं कैसे.
मोमोज के लिए सामग्री
मोमोज का आटा तैयार करने के लिए मैदा, थोड़ा नमक और पानी लें. वहीं स्टफिंग के लिए बारीक कटी पत्तागोभी, गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, हरा प्याज, काली मिर्च और नमक का इस्तेमाल कर सकते हैं. चाहें तो इसमें पनीर या सोया भी मिला सकते हैं.
ऐसे तैयार करें मोमोज
सबसे पहले मैदा में नमक मिलाकर मुलायम आटा गूंथ लें और इसे 20 मिनट के लिए ढककर रख दें. इस बीच सभी सब्जियों को बारीक काटकर हल्का सा भून लें या सीधे मसालों के साथ मिला लें. अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर पतला बेलें और उसमें तैयार स्टफिंग भरकर मोमोज का आकार दें.
कुकर में कैसे करें स्टीम
- मोमोज बनाने का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा उन्हें सही तरीके से स्टीम करना होता है. इसके लिए सबसे पहले प्रेशर कुकर में करीब एक से डेढ़ गिलास पानी डालें. ध्यान रखें कि पानी इतना न हो कि वह मोमोज तक पहुंच जाए.
- अब कुकर के अंदर एक स्टैंड, छोटी कटोरी या कोई ऊंचा बर्तन रख दें ताकि उसके ऊपर मोमोज वाली प्लेट रखी जा सके. जिस प्लेट में मोमोज रखने हैं, उसे हल्का तेल लगाकर ग्रीस कर लें. इससे मोमोज चिपकेंगे नहीं.
- इसके बाद मोमोज को प्लेट में थोड़ी दूरी बनाकर रखें और प्लेट को कुकर के अंदर स्टैंड पर रख दें. कुकर का ढक्कन बंद करें लेकिन उसकी सीटी (व्हिसल) निकाल दें. अब मध्यम आंच पर 10 से 15 मिनट तक मोमोज को स्टीम होने दें.
इन बातों का रखें ध्यान
मोमोज को स्टीम करते समय कुकर में सीटी बिल्कुल न लगाएं. अगर सीटी लगी रहेगी तो अंदर ज्यादा प्रेशर बन सकता है, जिससे मोमोज का टेक्सचर खराब हो सकता है. साथ ही समय-समय पर पानी की मात्रा का भी ध्यान रखें. जब मोमोज का बाहरी हिस्सा हल्का पारदर्शी और चमकदार दिखने लगे, तो समझ जाएं कि वे पूरी तरह तैयार हैं. इसके बाद उन्हें सावधानी से निकालें और गर्मागर्म चटनी के साथ परोसें.
घर पर मिलेगा बाजार जैसा स्वाद
कुकर में बनाए गए मोमोज स्वाद और टेक्सचर में लगभग बाजार जैसे ही लगते हैं. खास बात यह है कि इन्हें आप साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखते हुए घर पर तैयार कर सकते हैं. अगर आपके पास स्टीमर नहीं है, तो अगली बार मोमोज खाने की इच्छा होने पर प्रेशर कुकर का यह आसान तरीका जरूर आजमाएं. इससे कम समय में स्वादिष्ट और हेल्दी मोमोज तैयार हो जाएंगे.

