Lifestyle Desk – अगर आप रोज़ाना पकौड़े, समोसे या कचौड़ी खाकर बोर हो चुके हैं और शाम की चाय के साथ कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो क्रिस्पी अनियन रिंग्स आपके लिए शानदार विकल्प हैं. बारिश के मौसम में तो ये बहुत ही बढ़िया स्नैक माना जाता है. बाहर से गोल्डन ब्राउन और करारे, जबकि अंदर से मुलायम प्याज की परत वाले ये स्नैक्स स्वाद में इतने लाजवाब होते हैं कि बच्चे हों या बड़े, हर कोई इन्हें पसंद करता है. अच्छी बात यह है कि इन्हें बनाने के लिए किसी खास सामग्री या ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं पड़ती. कुछ आसान स्टेप्स में आप घर पर ही रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पा सकते हैं. आइए जानते हैं अनियन रिंग्स बनाने की रेसिपी.

सामग्री

प्याज-2 बड़े
मैदा-1 कप
कॉर्न फ्लोर-2 बड़े चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-1 छोटा चम्मच
काली मिर्च पाउडर-1 छोटा चम्मच
ऑरेगैनो या मिक्स्ड हर्ब्स -1 छोटा चम्मच
नमक-स्वादानुसार
ब्रेड क्रम्ब्स-1 कप
पानी या दूध-आधा कप ठंडा
तलने के लिए तेल

विधि

  1. सबसे पहले प्याज को छीलकर लगभग आधा सेंटीमीटर मोटे गोल स्लाइस में काट लें और सभी रिंग्स को अलग-अलग कर लें.
  2. अब एक बाउल में मैदा, कॉर्न फ्लोर, नमक, लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च और ऑरेगैनो डालकर अच्छी तरह मिलाएं. इसमें धीरे-धीरे ठंडा पानी या दूध डालते हुए गाढ़ा और स्मूद बैटर तैयार करें.
  3. अब हर प्याज की रिंग को पहले इस बैटर में अच्छी तरह डुबोएं और फिर ब्रेड क्रम्ब्स में लपेट लें ताकि उस पर एक समान कोटिंग हो जाए.
  4. अगर ज्यादा क्रिस्पी बनाना चाहते हैं, तो दोबारा बैटर और ब्रेड क्रम्ब्स की डबल कोटिंग भी कर सकते हैं.
  5. इसके बाद कढ़ाई में तेल गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब अनियन रिंग्स को मध्यम आंच पर गोल्डन ब्राउन और क्रिस्पी होने तक तलें. तलने के बाद इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल.
  6. गर्मागर्म अनियन रिंग्स को टोमैटो केचप, मियोनीज़, चीज़ डिप या अपनी पसंद की किसी भी चटनी के साथ परोसें. चाहें तो ऊपर से चाट मसाला या थोड़ा सा पिज्जा सीज़निंग भी छिड़क सकते हैं, जिससे इनका स्वाद और भी बढ़ जाएगा.

परफेक्ट अनियन रिंग्स के लिए टिप्स

  1. बड़े आकार के प्याज का इस्तेमाल करें, इससे रिंग्स अच्छी बनती हैं.
  2. बैटर ज्यादा पतला न रखें, वरना कोटिंग अच्छी नहीं होगी.
  3. ब्रेड क्रम्ब्स ताजे और सूखे इस्तेमाल करें.
  4. तेल बहुत ज्यादा गर्म या ठंडा न हो, मध्यम तापमान पर तलने से रिंग्स बाहर से करारी और अंदर से मुलायम बनती हैं.