Business Desk- सुबह के नाश्ते या शाम की हल्की भूख के लिए अगर आप कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी हो, तो गुजराती डिश दूधी का मुठिया ट्राई कर सकते हैं। लौकी यानी दूधी और आटे से तैयार होने वाली यह पारंपरिक डिश गुजरात में काफी पसंद की जाती है। खास बात यह है कि इसे डीप फ्राई करने की जरूरत नहीं होती। आप इसे भाप में पकाकर कम तेल में भी तैयार कर सकते हैं।लौकी में पानी की मात्रा अच्छी होती है और इसमें फाइबर भी पाया जाता है। वहीं आटा और बेसन इसे भरपूर बनावट देते हैं। अगर आप रोज के नाश्ते में कुछ नया और हल्का शामिल करना चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी को जरूर आजमाएं।

सामग्री
लौकी-1 कप कद्दूकस की हुई
गेहूं का आटा-आधा कप
बेसन-आधा कप
सूजी-2 बड़े चम्मच
हरी मिर्च -1बारीक कटी हुई
अदरक का पेस्ट-1 चम्मच
हरा धनिया-2 बड़े चम्मच
हल्दी-आधा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर-आधा चम्मच
अजवाइन-आधा चम्मच
तिल-आधा चम्मच
नमक-स्वादानुसार
नींबू का रस-1 चम्मच
जरूरत के अनुसार पानी
तड़के के लिए
तेल-1 छोटा चम्मच
राई-आधा चम्मच
तिल-आधा चम्मच
हींग-चुटकीभर
करी पत्ते- 5-6
थोड़ा हरा धनिया
विधि
- सबसे पहले लौकी को धोकर छील लें और कद्दूकस कर लें। इसे निचोड़कर इसका पूरा पानी न निकालें, क्योंकि लौकी का रस ही आटा गूंथने में मदद करेगा।
- अब एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, बेसन और सूजी डालें। इसमें कद्दूकस की हुई लौकी, अदरक, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च, अजवाइन, तिल, नमक, नींबू का रस और हरा धनिया मिलाएं।
- सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर नरम आटा तैयार करें। जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी डालें, लेकिन ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा गीला न हो।
- अब हाथों पर हल्का तेल लगाएं और तैयार मिश्रण से लंबे रोल या छोटे-छोटे बेलनाकार आकार बना लें। इन्हें बहुत मोटा न रखें, ताकि अंदर तक अच्छी तरह पक सकें।
- एक स्टीमर या बड़े बर्तन में पानी गर्म करें। उसके ऊपर जाली या छेद वाली प्लेट रखें और उस पर मुठिया के रोल रख दें।
- अब ढक्कन लगाकर मध्यम आंच पर करीब 15-20 मिनट तक भाप में पकाएं। पकने के बाद टूथपिक या चाकू डालकर जांचें। अगर वह साफ बाहर निकलता है, तो मुठिया तैयार हैं।इन्हें थोड़ा ठंडा होने दें और फिर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें।
- एक पैन में एक छोटा चम्मच तेल गर्म करें। इसमें राई, तिल, हींग और करी पत्ते डालें। जब राई चटकने लगे, तो कटे हुए मुठिया डालकर हल्के हाथ से मिलाएं।
- दो-तीन मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं, ताकि तड़के का स्वाद अच्छी तरह मुठिया में समा जाए। ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं।
- आपके गरमागरम गुजराती दूधी ना मुठिया तैयार हैं। इन्हें हरी चटनी, पुदीने की चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं। सुबह के नाश्ते से लेकर शाम की चाय तक, यह डिश खाने में स्वादिष्ट लगती है।
मुठिया को सॉफ्ट बनाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
- लौकी को कद्दूकस करने के बाद उसका पानी पूरी तरह न निकालें।
- आटा बहुत ज्यादा सख्त न गूंथें।
- मुठिया के रोल मध्यम आकार के रखें, ताकि वे अंदर तक पक सकें।
- स्टीमर में पर्याप्त पानी रखें और बीच में ढक्कन बार-बार न खोलें।
- तड़के में तेल की मात्रा सीमित रखें।


