Lifestyle Desk – घर की सब्जी कितनी भी मेहनत से क्यों न बनाई जाए, कई बार उसमें वो स्वाद नहीं आ पाता जो होटल या ढाबे की सब्जी में मिलता है। यही वजह है कि लोग बाजार में मिलने वाले अलग-अलग मसालों का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन फिर भी खाने में वैसा रेस्टोरेंट वाला फ्लेवर नहीं आता। अगर आप भी घर के खाने में होटल और ढाबे जैसा स्वाद चाहते हैं तो एक बार यह सीक्रेट सब्जी मसाला बनाकर जरूर देखें। इसमें कई तरह के साबुत और खुशबूदार मसालों का ऐसा कॉम्बिनेशन है, जो साधारण सब्जी, दाल या ग्रेवी का स्वाद भी काफी बढ़ा सकता है। इसे बनाकर एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर लें और जरूरत के हिसाब से खाने में इस्तेमाल करें।

सामग्री
जीरा – 120 ग्राम
साबुत धनिया – 150 ग्राम
काली मिर्च – 80 ग्राम
बड़ी इलायची – 80 ग्राम
सौंफ – 80 ग्राम
दालचीनी – 70 ग्राम
लौंग – 60 ग्राम
सौंठ – 60 ग्राम
लाल मिर्च – 60 ग्राम
दखनी मिर्च – 40 ग्राम
अनारदाना – 40 ग्राम
तेजपत्ता – 40 ग्राम
शाही जीरा – 40 ग्राम
आंबे हल्दी – 30 ग्राम
छोटी इलायची – 30 ग्राम
स्टार ऐनिस – 30 ग्राम
खसखस – 30 ग्राम
जावित्री – 25 ग्राम
पत्थर का फूल – 25 ग्राम
कसूरी मेथी – 25 ग्राम
जायफल – 20 ग्राम
खस की जड़ – 20 ग्राम
सूखी गुलाब की पंखुड़ियां – 15 ग्राम
पीपल – 15 ग्राम
रतनजोत – 10 ग्राम
विधि
- सबसे पहले सभी साबुत मसालों को अच्छी तरह साफ कर लें। मसालों में धूल-मिट्टी या किसी तरह की नमी नहीं होनी चाहिए। इसके बाद एक भारी तले की कड़ाही को धीमी आंच पर गर्म करें।
- अब मसालों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में हल्का भूनें। जीरा, धनिया, काली मिर्च, बड़ी इलायची, सौंफ, दालचीनी, लौंग, तेजपत्ता, शाही जीरा, जावित्री, जायफल समेत सभी मसालों को अलग-अलग या बैच में भूनना बेहतर रहेगा।
- ध्यान रखें कि मसालों को तेज आंच पर न भूनें। ज्यादा गर्म होने पर कुछ मसाले जल सकते हैं और पूरे मसाले का स्वाद कड़वा हो सकता है। जब मसालों से अच्छी खुशबू आने लगे तो उन्हें प्लेट में निकाल लें और पूरी तरह ठंडा होने दें।
- अब सभी भुने हुए मसालों को मिक्सर ग्राइंडर में डालकर बारीक पीस लें। इसके बाद इसमें कसूरी मेथी और सूखी गुलाब की पंखुड़ियां डालकर एक बार फिर हल्का पीसें, ताकि सभी फ्लेवर अच्छी तरह मिल जाएं।
ऐसे करें स्टोर
तैयार मसाले को छलनी से छान लें और किसी साफ, सूखे और एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें। मसाले को हमेशा नमी और भाप से दूर रखें। गीला चम्मच इस्तेमाल करने से भी बचें।इस मसाले की थोड़ी-सी मात्रा सब्जी बनाते समय डालने से सब्जी का स्वाद बहुत बढ़िया आता है।



