राकेश चतुर्वेदी/शिखिल ब्योहार, भोपाल। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (mallikarjun kharge) द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिये एक विवादित बयान पर मध्य प्रदेश की राजनीति में जबरदस्त उबाल आ गया है। पटना में एक जनसभा के दौरान जब एक व्यक्ति ने बीच में टोकते हुए कहा कि मोदी नहीं आएगा तो इससे नाराज होकर मल्लिकार्जुन खरगे (mallikarjun kharge) ने आक्रामक अंदाज में कहा था कि मोदी का बाप भी जाएगा। इस बयान के सामने आने के बाद से ही बीजेपी आक्रामक मुद्रा में आ गई है और प्रदेश के तमाम नेता कांग्रेस पर लगातार हमलावर हैं।
मर्यादा का उल्लंघन और वैचारिक असहिष्णुता: हेमंत खंडेलवाल
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल ने इस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे राजनीति की मर्यादा का खुला उल्लंघन करार दिया है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे पहले भी कई मौकों पर ऐसी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर चुके हैं। खंडेलवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि खरगे को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे इस तरह की मर्यादाओं का उल्लंघन खुद अपनी मर्जी से करते हैं या फिर गांधी परिवार के इशारे पर ऐसा करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पिता पर की गई इस तरह की अभद्र टिप्पणी की पूरे देश में निंदा हो रही है और भारतीय लोकतंत्र में किसी भी नेता द्वारा ऐसा घटनिया बयान देना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
सोनिया और राहुल गांधी दें जवाब: राहुल कोठारी
मल्लिकार्जुन खरगे के इस बयान को लेकर बीजेपी के प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने भी कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस की राजनीति का स्तर आखिर इतना क्यों गिर गया है कि प्रधानमंत्री के पिताजी के प्रति भी अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया जाने लगा है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे की ऐसी भाषा पर शर्म आती है क्योंकि यह सिर्फ राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि मर्यादाओं का पतन और अराजक सोच का प्रदर्शन है। कोठारी ने इसे वैचारिक असहिष्णुता बताते हुए कहा कि यह प्रवृत्ति ‘दिमागी नक्सलवाद’ जैसी मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से सीधे तौर पर जवाब मांगते हुए कहा कि वे स्पष्ट करें कि क्या वे इस भाषा का समर्थन करते हैं और अगर नहीं, तो इस पर पार्टी क्या कार्रवाई करेगी।
आज दोपहर 3 बजे बीजेपी करेगी कांग्रेस कार्यालय का घेराव
इस पूरे घटनाक्रम के विरोध में मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने आज एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। तय कार्यक्रम के अनुसार, आज दोपहर ठीक 3 बजे बीजेपी कार्यकर्ता और पदाधिकारी सड़कों पर उतरेंगे और प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन करेंगे। पार्टी का साफ कहना है कि वैचारिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन संस्कारों और परिवार की गरिमा का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

