कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी सांसद शशि थरूर के बीच एक बार फिर हल्की-फुल्की नोकझोंक चर्चा में है। मंगलवार को हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में खरगे ने थरूर पर तंज कसते हुए कहा कि वह सिर्फ अंग्रेजी अखबारों में लेख लिखने तक सीमित न रहें, बल्कि पार्टी के धरना-प्रदर्शन में भी शामिल हों। उनकी इस टिप्पणी पर बैठक में मौजूद नेता हंस पड़े।
Gandhi Jayanti पर प्रदर्शन का सुझाव, खरगे ने ली चुटकी
दरअसल, कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में पार्टी की भावी रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सुझाव दिया कि पार्टी को महात्मा गांधी की जयंती यानी 2 अक्टूबर को बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन या कोई अन्य कार्यक्रम आयोजित करना चाहिए।
थरूर का तर्क था कि गांधी जयंती पर सक्रियता नहीं दिखाने की स्थिति में बीजेपी इस अवसर का इस्तेमाल अपनी छवि मजबूत करने के लिए कर सकती है। इस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने थरूर की ओर मुखातिब होते हुए पूछा कि अगर पार्टी धरना आयोजित करती है, तो क्या वह वास्तव में उसमें हिस्सा लेंगे? उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि थरूर सिर्फ X पर नजर आते हैं और अंग्रेजी अखबारों में उनके लेख पढ़ने को मिलते हैं। खरगे की इस टिप्पणी के बाद बैठक में मौजूद नेताओं के बीच हंसी-मजाक का माहौल बन गया।
पिछली CWC बैठक में भी थरूर पर साधा था निशाना
यह पहला मौका नहीं है, जब खरगे की टिप्पणी को शशि थरूर से जोड़कर देखा जा रहा है। पिछली CWC बैठक में भी खरगे ने अंग्रेजी अखबारों में लेख लिखने वाले और टीवी पर लोकप्रिय नेताओं को लेकर टिप्पणी की थी। खरगे ने कहा था कि हरिद्वार में उनके अपमान और शुद्धिकरण से जुड़े मुद्दे पर ऐसे नेताओं को भी खुलकर अपनी बात रखनी चाहिए थी।
पीएम मोदी की तारीफ को लेकर भी हुई थी चर्चा
पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए शशि थरूर ने एक लेख लिखा था। इस लेख के बाद कांग्रेस के भीतर उनके विचारों को लेकर मतभेद की चर्चाएं सामने आई थीं। खरगे ने भी उस समय थरूर पर कटाक्ष किया था। ताजा घटनाक्रम ने एक बार फिर कांग्रेस नेतृत्व और शशि थरूर के बीच सार्वजनिक बयानों तथा पार्टी की राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


