सुशील सलाम, कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक सगे मामा ने अपने ही भांजे को फर्जी सॉफ्टवेयर कंपनी में बड़ा पद और 10 प्रतिशत शेयर देने का झांसा देकर करीब 44 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले की शिकायत पर पुलिस ने फरार आरोपी मामा और उसकी महिला सहयोगी को मुंबई से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला पखांजूर थाना क्षेत्र का है।

एडिशनल एसपी पखांजूर राकेश कुर्रे ने बताया कि 24 मई 2025 को मनीष सोनी नामक युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि उसके सगे मामा ने जील एप व्यू प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में चीफ टेक्निकल ऑफिसर (CTO) का पद देने के साथ कंपनी में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का लालच दिया था।
8 किश्तों में ऐंठे करीब 44 लाख रुपये
आरोपी ने धीरे-धीरे सात से आठ किश्तों में पीड़ित से करीब 43.44 लाख रुपये ले लिए। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार गोलमोल जवाब देता रहा और बाद में फरार हो गया।

पुलिस ने महाराष्ट्र से आरोपियों को दबोचा
पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई बार दबिश दी, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देकर भाग निकलता था। आखिरकार 13 मई को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी और उसके सहयोगी को मुंबई, महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि जिस कंपनी के नाम पर निवेश कराया गया था, वह पूरी तरह फर्जी निकली। आरोपी दावा करता था कि उसकी मुंबई में सॉफ्टवेयर कंपनी का ऑफिस है और उसने सर्वर मॉनिटरिंग से जुड़ा सॉफ्टवेयर तैयार किया है, लेकिन जांच में उसके सभी दावे झूठे पाए गए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। जांच आगे बढ़ने पर यह पता लगाया जाएगा कि आरोपियों ने और कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है तथा कुल कितनी रकम की धोखाधड़ी की गई है।
पुलिस की आम लोगों से अपील
एडिशनल एसपी राकेश कुर्रे ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति, चाहे वह करीबी रिश्तेदार ही क्यों न हो। उनके झांसे में आकर बिना जांच-पड़ताल के निवेश न करें और अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित रखें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

