अनिल शर्मा, अंबाला/चंडीगढ़। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हारे और पिटे हुए मोहरे इस तरह की बातें करते हैं। विज ने कहा कि ममता बनर्जी की असलियत अब लोगों के सामने आ चुकी है और अब वह राजनीति में दोबारा अपनी जगह नहीं बना पाएंगी।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार को लेकर ममता बनर्जी का बयान पूरी तरह निराशा दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनता सब समझ चुकी है और भाजपा लगातार जनता के विश्वास पर खरी उतर रही है।
इस दौरान विज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अंबाला स्थित आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीदी स्मारक दौरे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री करीब चार घंटे तक स्मारक में रहे और हर पहलू को गंभीरता से देखा। विज के मुताबिक मुख्यमंत्री ने इसे शहीदों के सम्मान से जुड़ा बड़ा कदम बताया है।
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे को “नौटंकी” कहने पर भी अनिल विज ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लिए विदेश दौरे करते हैं और निवेश लेकर आते हैं। विज ने दावा किया कि प्रधानमंत्री 20 अरब डॉलर का निवेश लेकर आए हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी जी राहुल गांधी की तरह “मटरगश्ती” करने विदेश नहीं जाते, बल्कि भारत के दूसरे देशों के साथ संबंध मजबूत करने और विकास के लिए काम करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक युद्ध और अंतरराष्ट्रीय हालातों का असर अर्थव्यवस्था पर पड़ा है, लेकिन भारत को दूसरे देशों से लगातार सहयोग मिल रहा है।
गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग पर भी अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी। बाबरी मस्जिद-राम जन्मभूमि मामले के पूर्व मुस्लिम पक्षकार इकबाल अंसारी के बयान का समर्थन करते हुए विज ने कहा कि गाय हिंदुओं की पूजनीय माता है और सभी देशवासियों को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अच्छी सोच है और समाज में सौहार्द बढ़ाने वाला संदेश है।

