सोनू वर्मा ,नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस को वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें छोड़ने के बदले पैसे वसूलता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान ओसमा उर्फ बिलाल के रूप में हुई है, जिसे एक चोरी की मोटरसाइकिल सहित पकड़ा गया। जांच के दौरान इंजन और चेसिस नंबर की पुष्टि करने पर वाहन थाना सदर नूंह में दर्ज मामले से संबंधित पाया गया।
5 मोटर साइकिल बरामद
पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए, जिसके आधार पर पुलिस ने तावडू और दिल्ली क्षेत्र से चोरी की गई कुल पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। ये वाहन अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों से जुड़े हुए हैं।
ऐसे करता था वसूली
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया, जहां उसने बताया कि वह चोरी के बाद वाहनों को वापस करने के बदले रकम वसूलता था।फिलहाल पुलिस इस मामले में आरोपी के अन्य साथियों और पूरे गिरोह की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही, अन्य मामलों में भी उससे पूछताछ जारी है।पुलिस का कहना है कि जिले में वाहन चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

