दीपक कौरव, नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आज दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पटेल वार्ड गुरुद्वारा के पास रहने वाले विजय दुबे ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। इस दौरान मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल उसे रोका और समझाइश दी। 

घटना दोपहर 1 बजे की है जब पीड़ित विजय दुबे अपने साथ प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल भरकर कलेक्ट्रेट पहुंचा था। अधिकारियों के पूछताछ पर उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर एक अन्य व्यक्ति ने कथित रूप से अवैध कब्जा कर रखा है। कई कोशिशों के बाद भी खाली नहीं कर रहा है। 

पीड़ित ने बताया कि वह अपनी शिकायत लेकर पहले कोतवाली थाना और बाद में कलेक्ट्रेट के भी कई चक्कर लगा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया। इस कारण आज ये प्राणघाती कदम उठाया जिसके चलते कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा तफरी मच गई। हालांकि गनीमत है कि किसी तरह स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m