सुरेश पाण्डेय, सिंगरौली। जिले के कोतवाली के गनियारी में आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। बुलडोजर और जेसीबी के साथ कार्रवाई करने पहुंची टीम के सामने हिमांशु सोनी नामक युवक हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा।
बताया जा रहा है कि हिमांशु सोनी दोपहर करीब 2 बजे से हाई टेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। युवक का आरोप है कि वह माता-पिता से अलग रहता है और उसके नाम पर कोई जमीन नहीं है। वह लंबे समय से शासकीय भूमि पर मकान बनाकर रह रहा था। युवक का कहना है कि बिजली विभाग हर महीने बिजली बिल वसूलता है और नगर निगम टैक्स लेता है, फिर भी अब उसका मकान तोड़ा जा रहा है। इसी विरोध में वह जान देने की धमकी देते हुए टावर पर चढ़ा है और जेब में पेट्रोल की बोतल भी डालकर ऊपर खड़ा हुआ है।
मौके पर भारी पुलिस बल एसडीएम तहसीलदार पटवारी मौजूद रहे। प्रशासन युवक को समझाने का लगातार कोशिश करता रहा लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी सफलता नहीं मिली। एसडीएम सुरेश जाधव ने बताया कि युवक के पिता की पट्टे की जमीन पर पक्का मकान बना हुआ है और वह मशीनरी भी संचालित करता है। हिमांशु सोनी ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बनाया है, जिसे नियमानुसार हटाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है। नीचे उतरते ही सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। फिलहाल मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। जहां देर शाम काफी समझाने के बाद और लिखित आश्वासन देने के बाद युवक टावर से नीचे उतरा। इस दौरान युवक के पिता ने कहा कि हम यहां 25-30 वर्षों से रहते हैं। पूर्व कलेक्टर ने लिखित आश्वासन दिया था कि उन्हें पट्टा बांटा जाएगा लेकिन अब कॉलेज आने के बाद हमें हटाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस पर कई गंभीर आरोप भी लगाए। फिलहाल युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है।

