शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंत्रालय की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। जहां एक युवक फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर मंत्रालय के अंदर पहुंच गया। इतना ही नहीं युवक ने सामान्य प्रशासन विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी से मुलाकात भी की। जब शक हुआ तो युवक को पकड़कर सिक्योरिटी स्टाफ के हवाले किया गया। लेकिन इस घटना के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे है।
जानकारी के मुताबिक, योगेंद्र सिंह चौहान नामक युवक मंत्रालय के अंदर पहुंच गया। उसने खुद को साल 2019 बैच का आईएएस अफसर बताया। इतना ही नहीं योगेंद्र सिंह चौहान ने GAD के डिप्टी सेक्रेटरी से मुलाकात भी की। हालांकि इस दौरान डिप्टी सेक्रेटरी को शक हुआ, जिसके बाद उसे मंत्रालय के सिक्योरिटी स्टाफ के हवाले किया गया।
ये भी पढ़ें: ‘सीताराम-सीताराम करने से धर्म नहीं बचेगा’, धीरेंद्र शास्त्री ने सामूहिक कन्या विवाह में माला और भाला रखने की दी सलाह, CM डॉ. मोहन यादव भी हुए शामिल
फर्जी आईएएस योगेंद्र सिंह चौहान से सुरक्षा कार्यालय में पूछताछ की गई। सवाल यह है कि मंत्रालय जैसे जगह पर इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई। कैसे एंट्री पास बना, योगेंद्र सिंह का मंत्रालय के अंदर जाना और बड़े अधिकारियों से मुलाकात करने का उद्देश्य क्या था, इन तमाम सवालों का जवाब अब तक नहीं मिल सका है। न ही इस मामले में अभी तक किसी अधिकारी का बयान सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

