परवेश खान, शिवपुरी। जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां महज एक पालतू डॉग को घर से भगाने जैसी मामलू बात पर एक कसाई दिल पड़ोसी ने कानून अपने हाथ में ले लिया। आरोपी युवक ने अपने ही पड़ोसी दंपति पर लात-घूंसो और डंडों से हमला बोल दिया। जिससे 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। यही नहीं महिला का सिर भी फूट गया है।

घर में घुसा था कुत्ता, भगाना बना काल

दिल दहला देने वाली यह घटना शिवपुरी के देहात थाना इलाके के इमामबाड़ा क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में रहने वाले आरोपी आसिफ का पालतू कुत्ता अचानक पड़ोसी के घर में घुस गया था। घर में कुत्ता घुसने पर पड़ोसी 70 वर्षीय बुजुर्ग जाफिर ने उसे मारकर बाहर भगा दिया। अपने कुत्ते को मारता देख आसिफ आगबबूला हो गया और उसने बुजुर्ग जाफिर के साथ गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू कर दिया।

बुजुर्ग को तड़पा-तड़पा कर पीटा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

मामूली सा विवाद कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष में बदल गया। तैश में आए आरोपी आसिफ ने उम्र का लिहाज भी ताक पर रख दिया और 70 साल के बुजुर्ग जाफिर पर जानलेवा हमला बोल दिया। आरोपी ने बुजुर्ग को जमीन पर गिराकर बेरहमी से जमकर पीटा। इस दौरान बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी से भी हाथापाई कर दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई है।

लहू-लुहान और गंभीर हालत में बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया लेकिन उनकी जान बचाने में कामयाब न हो सके।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा, आरोपी फरार

बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही देहात थाना पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी आसिफ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी मौका-ए-वारदात से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m