Manav Suthar’s dream debut: भारतीय क्रिकेट को एक और शानदार स्पिनर मिल गया है। अफगानिस्तान के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत करने वाले 23 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने डेब्यू मैच में ही ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें भारतीय क्रिकेट के खास खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर दिया। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच की पहली पारी में मानव ने 22 ओवर में महज 33 रन देकर 6 विकेट झटके और अफगानिस्तान की पूरी टीम को 152 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई।

भारत ने पहली पारी में 564 रन बनाए थे, जिसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम सुथार की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। भारत को पहली पारी के आधार पर 412 रन की विशाल बढ़त मिली, जिसके बाद अफगानिस्तान को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।

अश्विन के बाद डेब्यू में 6 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय

मानव सुथार पिछले 35 वर्षों में भारत की ओर से टेस्ट डेब्यू की एक पारी में 6 विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि 2011 में रविचंद्रन अश्विन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ हासिल की थी। अश्विन ने अपने डेब्यू टेस्ट में 47 रन देकर 6 विकेट लिए थे।

डेब्यू टेस्ट में 5 विकेट हॉल लेने वाले भारतीय गेंदबाज

इसके साथ ही मानव सुथार भारत के लिए टेस्ट डेब्यू में पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले 10वें खिलाड़ी बन गए हैं। इस सूची में आखिरी नाम 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले अक्षर पटेल का था।

1932 – मोहम्मद निसार बनाम इंग्लैंड

1961 – वामन कुमार बनाम पाकिस्तान

1967 – एस. आबिद अली बनाम ऑस्ट्रेलिया

1979 – दिलीप दोशी बनाम ऑस्ट्रेलिया

1988 – नरेंद्र हिरवानी बनाम वेस्टइंडीज

2008 – अमित मिश्रा बनाम ऑस्ट्रेलिया

2011 – रविचंद्रन अश्विन बनाम वेस्टइंडीज

2013 – मोहम्मद शमी बनाम वेस्टइंडीज

2021 – अक्षर पटेल बनाम इंग्लैंड

2026 – मानव सुथार बनाम अफगानिस्तान*

डेब्यू टेस्ट में भारत का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

अफगानिस्तान के खिलाफ 6/33 के आंकड़े के साथ मानव सुथार ने भारतीय टेस्ट इतिहास में डेब्यू पारी का दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन दर्ज किया है। इस सूची में शीर्ष पर पूर्व स्पिनर नरेंद्र हिरवानी हैं, जिन्होंने 1988 में वेस्टइंडीज के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में 8 विकेट लेकर इतिहास रचा था।

भारतीय टेस्ट डेब्यू में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन:

8/61 – नरेंद्र हिरवानी बनाम वेस्टइंडीज (1988)

6/33 – मानव सुथार बनाम अफगानिस्तान (2026)

6/55 – आबिद अली बनाम ऑस्ट्रेलिया (1967)

6/103 – दिलीप दोशी बनाम ऑस्ट्रेलिया (1979)

मानव का यह प्रदर्शन अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी गेंदबाज का दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी है। इस सूची में शीर्ष पर वेस्टइंडीज के रहकीम कॉर्नवाल हैं, जिन्होंने 2019 में 7/75 का प्रदर्शन किया था।

पहले ही ओवर में लिया विकेट, 25 साल पुराना रिकॉर्ड दोहराया

मानव सुथार ने अपने टेस्ट करियर के पहले ही ओवर में विकेट लेकर एक और खास उपलब्धि हासिल की। वह भारतीय टेस्ट इतिहास के आठवें ऐसे गेंदबाज बने जिन्होंने डेब्यू टेस्ट के पहले ओवर में विकेट हासिल किया।

सबसे खास बात यह है कि पिछले 25 वर्षों में ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय गेंदबाज हैं। इससे पहले साल 2001 में टीनू योहानन ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू मैच के पहले ओवर में विकेट लिया था।

बल्ले से भी दिखाया दम

मानव सुथार ने सिर्फ गेंद से ही नहीं बल्कि बल्ले से भी योगदान दिया। भारत की पहली पारी में उन्होंने 41 गेंदों पर 28 रन बनाए, जिसमें दो चौके और दो शानदार छक्के शामिल रहे। इसके साथ ही वह टेस्ट डेब्यू की पारी में एक से ज्यादा छक्के लगाने वाले भारत के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हो गए।

उनकी उपयोगी बल्लेबाजी ने यह भी साबित किया कि वह केवल गेंदबाज नहीं, बल्कि निचले क्रम में टीम के लिए अहम रन जोड़ने की क्षमता रखते हैं।

राजस्थान से टीम इंडिया तक का सफर

राजस्थान के रहने वाले मानव सुथार बाएं हाथ के पारंपरिक ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं। घरेलू क्रिकेट में राजस्थान के लिए खेलते हुए उन्होंने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई। गेंद को दोनों दिशाओं में घुमाने की क्षमता और सटीक लाइन-लेंथ उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है।

रणजी ट्रॉफी 2022-23 में उन्होंने राजस्थान के लिए 39 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था। इसके बाद रणजी ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने सिर्फ 5 पारियों में 18 विकेट लेकर टीम इंडिया के दरवाजे खटखटा दिए।

उनके घरेलू रिकॉर्ड भी शानदार हैं। मानव ने टेस्ट डेब्यू से पहले 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 129 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8 विकेट पर 33 रन रहा है। इसके अलावा उन्होंने 25 लिस्ट-ए मैचों में 34 और 29 टी20 मुकाबलों में 25 विकेट हासिल किए हैं।

आईपीएल में गुजरात टाइटन्स ने पहचानी प्रतिभा

मानव सुथार की प्रतिभा को सबसे पहले आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटन्स ने पहचाना। आईपीएल 2024 की नीलामी में उन्हें 20 लाख रुपये के बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया गया। उन्होंने उसी सीजन आईपीएल डेब्यू किया। बाद में गुजरात ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में उन्हें 30 लाख रुपये में फिर से खरीदा और आईपीएल 2026 के लिए भी टीम में बरकरार रखा।

युवराज और अश्विन हैं प्रेरणा

मानव सुथार अपने पसंदीदा क्रिकेटरों में युवराज सिंह और रविचंद्रन अश्विन का नाम लेते हैं। उनका कहना है कि युवराज सिंह बचपन से उनके आदर्श रहे हैं, जबकि अश्विन की गेंदबाजी में विविधता और तीनों प्रारूपों में खुद को ढालने की क्षमता उन्हें सबसे ज्यादा प्रेरित करती है।

अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू टेस्ट में जिस तरह मानव सुथार ने गेंद और बल्ले दोनों से प्रभाव छोड़ा है, उसने भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक भरोसेमंद स्पिन ऑलराउंडर मिलने के संकेत दे दिए हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H